कोरोना की दूसरी लहर की आशंका से डरे पीएम जॉनसन ने ब्रिटेन में नए प्रतिबंधों का किया एलान

कोरोना की दूसरी लहर की आशंका से डरे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिश जॉनसन ने ब्रिटेन में एक बार फिर प्रतिबंधों का एलान किया है। जॉनसन ने नए प्रतिबंधों को छह महीने तक जारी रखने की चेतावनी भी दी। इनका सबसे ज्यादा असर पब रेस्तरां और मनोरंजन स्थलों पर पड़ेगा...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 06:01 AM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 06:01 AM (IST)
कोरोना की दूसरी लहर की आशंका से डरे पीएम जॉनसन ने ब्रिटेन में नए प्रतिबंधों का किया एलान
बोरिश जॉनसन ने एक बार फिर प्रतिबंधों का एलान किया है।

लंदन, एजेंसियां। कोरोना के दूसरे दौर के संक्रमण से डरे ब्रिटेन ने एक बार फिर प्रतिबंधों का एलान किया है। टीवी पर राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने नए प्रतिबंधों को छह महीने तक जारी रखने की चेतावनी भी दी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वैक्सीन आने या सामूहिक टेस्टिंग से स्थिति कुछ सुधर सकती है। बता दें कि ब्रिटेन में कोरोना से अब तक 41,825 लोगों की मौत हो चुकी है।

इन पर पड़ेगा असर

नए प्रतिबंधों का सबसे ज्यादा असर पब, रेस्तरां और मनोरंजन स्थलों पर पड़ेगा। गुरुवार से इन्हें रात 10 बजे तक बंद करना अनिवार्य होगा। उन्होंने लोगों से भी यह अपील की है कि जहां तक संभव हो घर से काम करें। पीएम ने क्वारंटाइन नियम तोड़ने और छह से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भारी जुर्माना लगाने का भी एलान किया है। मास्क के अनिवार्य प्रयोग को भी बढ़ाया दिया गया है।

मास्क लगाना अनिवार्य

टैक्सी में यात्रा करने के दौरान न केवल अब यात्री को मास्क पहनना होगा बल्कि बार और दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को भी मास्क लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर लोग नियमों का पालन नहीं करते हैं तो भविष्य में और भी कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। ब्रिटेन से जुड़े दूसरे देशों स्कॉटलैंड, वेल्स और नार्दन आयरलैंड ने भी प्रतिबंधों को कड़ा किया है।

कोरोना से बढ़ा एशिया में भेदभाव

रेडक्रास ने कोरोनावायरस के चलते एशिया में भेदभाव बढ़ने की बात कही है। रेडक्रास ने इंडोनेशिया, मलेशिया, म्यांमार और पाकिस्तान में पांच हजार लोगों के बीच सर्वे किया, जिसमें कई लोगों ने किसी विशेष समूह पर संक्रमण फैलाने का आरोप लगाया। रेडक्रास ने कहा कि कोरोना से जुड़ी अफवाहों को रोकना होगा। मलेशिया में किए गए सर्वे में दो-तिहाई लोगों ने कोरोना के लिए विदेशी पर्यटकों को दोषी ठहराया।

एक नजर इन मुल्‍कों पर

पाकिस्तान: बुधवार से छठी से आठवीं कक्षा तक के स्कूल खुल गए।

मिस्र: 113 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। 19 मरीजों की मौत हुई है।

सिंगापुर: संक्रमण के 12 मामले सामने आए हैं। इनमें से चार मरीज विदेश से आए थे।

चीन: चौबीस घंटों के दौरान आठ मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। 168 का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रूस: पिछले चौबीस घंटे में राजधानी मॉस्को में कोरोना से 16 की मौत हुई है।

लेबनान: 851 कोरोना मरीजों का पता चला है, जबकि आठ की मौत हुई है। 

chat bot
आपका साथी