बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले का दूसरा मुख्य आरोपित भी शिकंजे में, लोगों को भड़काने का है आरोप

रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) के अधिकारियों ने बताया कि शैकत रंगपुर जिले के पीरगंज उप जिले में 17 अक्टूबर को हुए हमले के साजिशकर्ताओं में भी शामिल था। उसे शनिवार को ढाका के बाहरी इलाके गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया है।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 08:06 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 08:06 PM (IST)
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले का दूसरा मुख्य आरोपित भी शिकंजे में, लोगों को भड़काने का है आरोप
डिजिटल सिक्योरिटी एक्ट के तहत गिरफ्तार एक अन्य आरोपित गया जेल

ढाका, प्रेट्र। बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियों ने दुर्गा पूजा पंडालों व मंदिरों पर हुए हमलों के सिलसिले में 30 वर्षीय शैकत मंडल को गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि वह अल्पसंख्यक हिंदुओं, उनके घरों व धार्मिक स्थलों पर हुए हमलों का दूसरा मुख्य साजिशकर्ता है। उधर, इंटरनेट मीडिया के जरिये लोगों को भड़काने के आरोप में बांग्लादेश के डिजिटल सिक्योरिटी एक्ट (डीएसए) के तहत गिरफ्तार किए गए मुहम्मद फैज को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।

रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) के अधिकारियों ने बताया कि शैकत रंगपुर जिले के पीरगंज उप जिले में 17 अक्टूबर को हुए हमले के साजिशकर्ताओं में भी शामिल था। उसे शनिवार को ढाका के बाहरी इलाके गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि शैकत ने फेसबुक लाइव के जरिये लोगों को हिंसा के लिए उकसाया था। इसके बाद भीड़ ने पीरगंज में हिंदुओं के 70 घरों को आग के हवाले कर दिया था।

एक दिन पहले ही हिंदुओं, उनके घरों व धार्मिक स्थलों पर हुए सिलसिलेवार हमलों के मुख्य आरोपित इकबाल हुसैन (35) को कोक्स बाजार इलाके से गिरफ्तार किया गया है। इकबाल ने ही कुमिला में स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में कुरान की प्रति रखी थी। वह सात दिनों की पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियां बाद में जांच में शामिल होंगी। पुलिस अबतक दुर्गा पूजा के दौरान अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमले के आरोप में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 600 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

उल्लेखनीय है कि हिंदुओं पर हुए हमले की संयुक्त राष्ट्र ने भी निंदा की थी। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हिंसा फैलाने के आरोपितों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। करीब 17 करोड़ की बांग्लादेश की आबादी में हिंदुओं की भागीदारी 10 फीसद है।

अल्पसंख्यकों ने किया प्रदर्शन, रखा सामूहिक उपवास

इस बीच बांग्लादेश हिंदू-बुद्धिस्ट-क्रिश्चियन यूनिटी काउंसिल के बैनर तले अल्पसंख्यकों ने हिंदुओं पर हुए हमलों के विरोध में मध्य ढाका स्थित शाबघ व देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन करते हुए सामूहिक उपवास रखा। संयुक्त सचिव मोनिंद्र कुमार नाथ ने कहा, 'ढाका के शाहबाग व चट्टोग्राम के अंदारकिल्ला में हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर और उपवास रखकर विरोध जताया।' उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मुसलमान व इस्लामिक संगठन भी इन प्रदर्शनों में शामिल हो रहे हैं।

chat bot
आपका साथी