श्रीलंका में आत्मघाती हमलावर ने बच्ची के सिर पर हाथ फेरा और चर्च में खुद को उड़ा लिया था

खुफिया चेतावनी के बाद भी हमला रोकने में विफलता के कारण श्रीलंका के रक्षा बलों में शीर्ष पदों पर बदलाव होगा।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 24 Apr 2019 03:58 AM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 03:58 AM (IST)
श्रीलंका में आत्मघाती हमलावर ने बच्ची के सिर पर हाथ फेरा और चर्च में खुद को उड़ा लिया था
श्रीलंका में आत्मघाती हमलावर ने बच्ची के सिर पर हाथ फेरा और चर्च में खुद को उड़ा लिया था

कोलंबो, प्रेट्र। श्रीलंका में हुए सात आत्मघाती हमले में से एक के सीसीटीवी फुटेज में हमलावर चर्च में जाकर विस्फोट करने से पहले एक बच्ची के सिर पर हाथ फेरते दिखता है। रविवार को ईस्टर के मौके पर भीड़ भरे चर्च में हुए विस्फोट में करीब 100 लोग मारे गए थे।

मंगलवार को सामने आए फुटेज में दाढ़ी वाला आदमी बड़ा सा काला बैग लिए दिखता है। उसने एक आदमी के साथ आई बच्ची के सिर पर हाथ फेरा था। यह घटना श्रीलंका के पश्चिमी तट पर नेगोंबो में स्थित सेबेस्टियन कैथोलिक चर्च के बाहर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसके बाद संदिग्ध हमलावर चर्च में दाखिल हुआ और लोगों की भीड़ में शामिल हो गया।

मंगलवार को आतंकी संगठन आइएस ने श्रीलंका में हुए विस्फोटों की जिम्मेदारी ले ली। आतंकी संगठन ने चर्चो और महंगे होटलों में विस्फोट किए। यह हमला श्रीलंका में सबसे खतरनाक आतंकी हमला माना जा रहा है जिसमें 321 लोग मारे गए।

भारतीय उच्चायोग पर हमले की चेतावनी मिली थी : विक्रमसिंघे

श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने मंगलवार को कहा कि पूर्व में प्राप्त खुफिया चेतावनी में कोलंबो में स्थित भारतीय उच्चायोग पर हमले होने की आशंका जाहिर की गई थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मदद से श्रीलंका आतंकवाद का उन्मूलन करेगा। संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जांचकर्ताओं ने संदिग्धों की पहचान करने में अच्छी प्रगति की है। कुछ हमलावर विदेश गए और उसके बाद घर लौट आए थे। उन्होंने कहा कि यह हमला न्यूजीलैंड मस्जिद विस्फोट का बदला हो सकता है जहां 50 मुस्लिम मारे गए थे।

रक्षा सचिव हेमसिरी फर्नाडो ने कहा कि एफबीआइ ने जांच शुरू कर दी है और इंटरपोल के देश में पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हाल के हमले ने देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया। एक वैन के ड्राइवर सहित कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

श्रीलंका में बुर्का पर लग सकता है प्रतिबंध

श्रीलंका में बुर्का पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। संदिग्धों से पूछताछ और अन्य सुबूत ईस्टर के मौके पर हुए हमले में बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की ओर इशारा कर रहे हैं। डेली मिरर ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि श्रीलंका सरकार मस्जिद के अधिकारियों के साथ संपर्क कर बुर्का पर प्रतिबंध लगाने की योजना बना रही है।

राष्ट्रपति ने कहा, रक्षा बलों में शीर्ष पदों पर फेरबदल किया जाएगा

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेन ने कहा कि वह अगले 24 घंटे के भीतर देश के रक्षा बलों में शीर्ष पदों पर बदलाव करेंगे। यह बदलाव पूर्व खुफिया चेतावनी के बाद भी हमला रोकने में विफलता के कारण किया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी