श्रीलंका ने भारतीय मछुआरों के मामले में गठित की कमेटी, घटना में हुई थी 4 मछुआरों की मौत

श्रीलंका सरकार ने अपनी समुद्री सीमा में भारतीय मछुआरों को मछली पकड़ने से रोकने के लिए स्थायी समाधान सुझाने को तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। इस घटना में तमिलनाडु के चार मछुआरों की मौत हो गई थी।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 08:53 AM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 08:53 AM (IST)
श्रीलंका ने भारतीय मछुआरों के मामले में गठित की कमेटी, घटना में हुई थी 4 मछुआरों की मौत
श्रीलंका सरकार ने मामले में गठित की कमेटी। (फोटो: दैनिक जागरण)

कोलंबो, प्रेट्र। श्रीलंका सरकार ने अपनी समुद्री सीमा में भारतीय मछुआरों को मछली पकड़ने से रोकने के लिए स्थायी समाधान सुझाने को तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। पिछले दिनों भारतीय मछुआरों की एक नौका के श्रीलंकाई नौसैनिक जहाज से टकराने की घटना में चार मछुआरों की मौत हो गई थी। मत्स्य मंत्री डगलस देवानंद ने अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी बनाई है, जो सभी पक्षों से बात कर स्थायी समाधान तलाशने की कोशिश करेगी ताकि वैसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो।

मालूम हो कि 18 जनवरी को भारतीय मछुआरों की एक नौका अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा से श्रीलंकाई क्षेत्र में आठ समुद्री मील अंदर उसके नौसैनिक जहाज से टकरा कर डूब गई थी। घटना में तमिलनाडु के चार मछुआरों की मौत हो गई थी। भारत ने इस घटना पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए मछुआरों के मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया था। 

दक्षिण चीन सागर में सैन्य अभ्यास करेगा बीजिंग

अमेरिका से तनाव के बीच चीन ने मंगलवार को कहा कि वह इस सप्ताह दक्षिण चीन सागर में सैन्य अभ्यास करेगा। खास बात यह है कि बीजिंग ने यह फैसला अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस थियोडर रूजवेल्ट के गत शनिवार को विवादित जल क्षेत्र में अचानक प्रवेश के बाद किया है। देश के समुद्री सुरक्षा प्रशासन द्वारा जारी किए गए नोटिस में दक्षिण-पश्चिमी चीन के लीजिन प्रायद्वीप के पश्चिम में स्थित टोंकिन की खाड़ी में 27 से 30 जनवरी तक आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

रूस ने भारत समेत चार देशों से यात्रा प्रतिबंध हटाया

रूसी दूतावास ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की कि भारत समेत चार देशों के नागरिकों पर लगाए गए यात्र प्रतिबंध को हटा लिया गया है। रूसी दूतावास ने ट्वीट किया, भारत, फिनलैंड, वियतनाम और कतर के नागरिकों के रूस में प्रवेश पर कोरोना के चलते लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया गया है। इससे संबंधित आदेश पर रूसी सरकार के चेयरमैन मिखाइल मिशुस्तिन ने दस्तखत कर दिया है। रूसी सरकार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि इन देशों के नागरिकों को हवाई चेकप्वाइंट के जरिये रूस में प्रवेश की इजाजत होगी। इन देशों में आवास की अनुमति वाले लोगों को भी यह सुविधा दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी