Coronavirus World Update : फ्रांस में रोजाना के नए मामलों में रिकॉर्ड उछाल, रूस में भी बढ़ने लगा संक्रमण

दूसरे दौर की कोरोना महामारी से जूझ रहे फ्रांस में नए मामलों में रिकॉर्ड उछाल आया है। बाकी अन्‍य मुल्‍कों का हाल जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 19 Sep 2020 08:49 PM (IST) Updated:Sat, 19 Sep 2020 08:49 PM (IST)
Coronavirus World Update : फ्रांस में रोजाना के नए मामलों में रिकॉर्ड उछाल, रूस में भी बढ़ने लगा संक्रमण
Coronavirus World Update : फ्रांस में रोजाना के नए मामलों में रिकॉर्ड उछाल, रूस में भी बढ़ने लगा संक्रमण

पेरिस, एजेंसियां। दूसरे दौर की कोरोना महामारी से जूझ रहे फ्रांस में नए मामलों में रिकॉर्ड उछाल आया है। बीते 24 घंटे के दौरान 13 हजार 215 नए संक्रमित पाए गए हैं। इससे पीडि़तों की कुल संख्या बढ़कर चार लाख 28 हजार 696 हो गई है। इस यूरोपीय देश में अब तक कुल 31 हजार से ज्यादा कोरोना मरीजों की मौत हुई है।

रोजाना औसतन 9,300 से अधिक नए केस

फ्रांस में पिछले सात दिन से रोजाना औसतन 9,300 से अधिक नए कोरोना रोगी पाए जा रहे हैं। इसकी तुलना में गत मई के आखिर में रोजाना औसतन महज 272 पीडि़त पाए गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना से मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी की भी जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार को 154 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 31 हजार 249 हो गई है।

जमावड़े से परहेज करने की सलाह

चार महीने बाद एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में मौत हुई है। फ्रांस में संक्रमण की दर बढ़ने पर कई प्रभावित क्षेत्रों और शहरों में रोकथाम के नियमों को सख्त कर दिया गया है। कुछ शहरों में सार्वजनिक स्थानों पर दस लोग से ज्यादा के जमावड़े पर रोक लगा दी गई है। हालांकि राजधानी पेरिस में इस तरह की रोक नहीं लगाई गई है, लेकिन पुलिस ने लोगों को जमावड़े से परहेज करने की सलाह दी है।

ईरान में 24 हजार की गई जान

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि बीते 24 घंटे में 166 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों का आंकड़ा 24 हजार 118 हो गया। इस दौरान 2,845 नए मामले मिलने से संक्रमित लोगों की कुल संख्या चार लाख 19 हजार 43 हो गई। इस बीच राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी नियमों के पालन में 20 फीसद की गिरावट आई है। नतीजन संक्रमण में उछाल आया है।

रूस में फिर बढ़ने लगे नए मामले

रूस में संक्रमण की दर में कुछ गिरावट आने के बाद फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। कोरोना रिस्पांस सेंटर ने शनिवार को बताया कि बीते 24 घंटे में 6,065 नए मामले पाए गए। इससे संक्रमित लोगों की कुल संख्या दस लाख 97 हजार से ज्यादा हो गई। एक दिन पहले 5,905 संक्रमित पाए गए थे। अब तक कुल 19 हजार 339 पीडि़तों की मौत हुई है।

एक नजर इन देशों पर

चीन : बीते 24 घंटे में 14 नए मामले पाए गए। एक दिन पहले 32 संक्रमित मिले थे। इस देश में बिना लक्षण वाले 24 नए मामलों की पुष्टि भी की गई है।

नेपाल : इस हिमालयी देश में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 2,020 नए पॉजिटिव पाए जाने से रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 61 हजार 593 हो गई है।

पाकिस्तान : इस मुल्क में 654 नए केस मिलने से कोरोना पीडि़तों का कुल आंकड़ा तीन लाख पांच हजार 31 हो गया है। कुल 6,415 की जान गई है।

कोलंबिया : 6,526 नए कोरोना रोगी मिलने से पीडि़तों का कुल आंकड़ा साढ़े सात लाख के पार पहुंच गया है। कुल 23 हजार 850 की मौत हुई है। 

chat bot
आपका साथी