श्रीलंका की नई सरकार में राजपक्षे परिवार का डंका, मंत्रिमंडल में PM महिंदा समेत घर के 4 सदस्य

प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने अपने बेटे नमल राजपक्षे को खेल और युवा मामलों का कैबिनेट मंत्री बनाया है।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 07:50 AM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 07:50 AM (IST)
श्रीलंका की नई सरकार में राजपक्षे परिवार का डंका, मंत्रिमंडल में PM महिंदा समेत घर के 4 सदस्य
श्रीलंका की नई सरकार में राजपक्षे परिवार का डंका, मंत्रिमंडल में PM महिंदा समेत घर के 4 सदस्य

कोलंबो, प्रेट्र। श्रीलंका में बुधवार को प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के मंत्रिमंडल के सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। नए मंत्रिमंडल में भी राजपक्षे परिवार का बोलबाला रहेगा। प्रधानमंत्री के अतिरिक्त परिवार के तीन सदस्य मंत्री पदों पर नियुक्त किए गए हैं। राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने महत्वपूर्ण रक्षा मंत्रालय अपने पास रखा है जबकि दूसरा महत्वपूर्ण वित्त मंत्रालय प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को दिया है। महिंदा के पास शहरी विकास और बौद्ध धर्म मामलों के विभाग भी रहेंगे।राष्ट्रपति गोटाबाया ने हरे-भरे कैंडी शहर में मंत्रियों को शपथ दिलाई।

प्रधानमंत्री के बेटे नमल राजपक्षे को खेल और युवा मामलों का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह 2010 से सांसद हैं। जबकि राष्ट्रपति के सबसे बड़े भाई चामल राजपक्षे को सिंचाई मंत्री बनाया गया और आंतरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार देते हुए उन्हें मंत्रालय का राज्य मंत्री भी बनाया गया है। चामल के बेटे शशीन्द्र राजपक्षे को राज्य मंत्री की शपथ दिलाई गई है। वरिष्ठ नेता दिनेश गुणव‌र्द्धने के पास यथारूप में विदेश मंत्रालय बना रहेगा। पूर्व सरकार में भी वह विदेश मंत्री ही थे।

इस बार क्षेत्रीय देशों से सहयोग बढ़ाने के लिए अलग से एक राज्य मंत्री की नियुक्ति की गई है। गोटाबाया ने अपने वकील रहे अली सब्री को कानून मंत्री बनाया है। अली ने गोटाबाया पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप का मुकदमा तब लड़ा था, जब गोटाबाया रक्षा मंत्रालय में अधिकारी थे और महिंदा राजपक्षे राष्ट्रपति पद पर थे। वह मंत्रिमंडल में राजपक्षे परिवार से बाहर के नए चेहरे हैं।

खास बात यह भी रही कि मंत्रिमंडल के गठन में पूर्व राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेन की अनदेखी कर दी गई। हालांकि वह अपनी सीट से भारी मतों से जीतकर आए हैं। बुधवार को कुल 28 कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार अभी दो मंत्री और बनाए जा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि इसी महीने हुए संसदीय चुनाव में राजपक्षे परिवार की श्रीलंका पीपुल्स पार्टी ने भारी जीत हासिल की है। उसे संसद की 225 सीटों में 145 सीटों पर जीत हासिल हुई है। पांच सीटें सहयोगी दलों को मिली हैं। संसद का अधिवेशन 20 अगस्त से शुरू होगा।

मोदी ने राजपक्षे को दी जीत की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के चुनाव में दमदार जीत के लिए श्रीलंका पीपुल्स पार्टी के नेता व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को बधाई दी है। मोदी ने विश्वास जताया है कि राजपक्षे के नेतृत्व वाले श्रीलंका के भारत से रिश्ते और मजबूत होंगे। भारतीय प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी से जल्द उबरकर दोनों देशों के विकास के पथ पर आगे बढ़ने की भी संभावना जताई है।

chat bot
आपका साथी