South Korea: पीएम मोदी ने किया गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण, कहा- आतंकवाद दुनिया के सामने बड़ी चुनौती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 21 Feb 2019 02:12 PM (IST) Updated:Thu, 21 Feb 2019 02:12 PM (IST)
South Korea: पीएम मोदी ने किया गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण, कहा- आतंकवाद दुनिया के सामने बड़ी चुनौती
South Korea: पीएम मोदी ने किया गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण, कहा- आतंकवाद दुनिया के सामने बड़ी चुनौती

सियोल, एएनआइ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन ने गुरुवार को सियोल में योंसी विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की मून भी मौजूद रहे। प्रतिमा के अनावरण के बाद इन नेताओं ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गांधी जी की 150वीं जयंती पर विश्व के 155 देशों के गायकों ने उनके भजन 'वैष्णव जन तेने कहिए' को गाया है। अब यह वैश्विक विरासत बन चुका है जो हमारे लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गांधी जी किसी एक युग के बंधन में नहीं थे। वह आने वाले समय में भी हम लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे।

योंसी विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी की एक प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि गांधी जी के विचार और आदर्श हमें आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन के खतरे से उबरने में मदद करने की शक्ति देते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन ही ऐसे दो मुद्दे हैं जो दुनिया में सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने खड़े हैं। पीएम मोदी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग करने से सभी लोगों को बचना चाहिए।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार सुबह दो दिवसीय दौरे पर दक्षिण कोरिया पहुंचे। यह प्रधानमंत्री की दूसरी यात्रा है। यहां पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सियोल में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इसके बाद पीएम ने भारत-दक्षिण कोरिया के उद्योगपतियों के एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम न्यू इंडिया के निर्माण के लिए नए साथी की तलाश कर रहे हैं। दक्षिण कोरिया हमारा अहम साझीदार रहा है और यह देश के भारत के टॉप 10 ट्रेडर्स में शामिल है।

chat bot
आपका साथी