नेपाल ने अपने यहां राम मंदिर निर्माण के लिए आवंटित किया बजट लेकिन नहीं बताई रकम

नेपाल में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बीच ओली सरकार (KP Sharma Oli govt) ने अपने यहां राम मंदिर निर्माण के लिए बजट आवंटित किया है। हालांकि आवंटित की गई रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 29 May 2021 10:38 PM (IST) Updated:Sat, 29 May 2021 10:49 PM (IST)
नेपाल ने अपने यहां राम मंदिर निर्माण के लिए आवंटित किया बजट लेकिन नहीं बताई रकम
नेपाल में ओली सरकार ने अपने यहां राम मंदिर निर्माण के लिए बजट आवंटित किया है।

काठमांडू, पीटीआइ। नेपाल में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बीच ओली सरकार ने अपने यहां राम मंदिर निर्माण के लिए बजट आवंटित किया है। हालांकि, आवंटित की गई रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। नेपाल के वित्तमंत्री बिष्णु पौडयाल ने देश के लिए 1647.67 अरब रुपये का बजट पेश करते हुए यह घोषणा की। नेपाल के चितावन जिले के अयोध्यापुरी में राम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

काठमांडू के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के पुनरुद्धार के लिए भी 35 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। बता दें कि पिछले साल जुलाई में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने यह दावा कर विवाद पैदा कर दिया था कि भगवान राम का जन्म भारत में नहीं, बल्कि दक्षिणी नेपाल के थोरी में हुआ था और असली अयोध्या भी नेपाल में है।

उनके बयान पर नेपाल के साथ ही भारत में बवाल मचा था। इसके बाद नेपाल के विदेश मंत्रालय ने सफाई दी थी और कहा था कि रामायण और भगवान से जुड़े स्थानों को लेकर और अध्ययन किए जाने की जरूरत है।

बता दें कि सत्तारूढ़ नेपाल कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कुमार दहल उर्फ प्रचंड और ओली के खेमे के बीच कलह चल रही है। ओली अल्पसंख्यक सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। संसद को भंग कर दिया गया है और नवंबर में आम चुनाव कराने की घोषणा की गई है।

उल्‍लेखनीय है कि पिछले साल नेपाली प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कहा था कि हिंदुओं के अराध्‍य भगवान राम की जन्‍मभूमि भारत नहीं बल्कि नेपाल है। ओली ने नेपाल के चितवन जिले की माडी नगर पालिका क्षेत्र को भगवान राम का जन्म स्‍थल बताया था। ओली ने भारत पर एक नकली अयोध्या बनाने का भी आरोप भी लगाया था। ओली ने कहा था कि वह 100 बीधा यानी 40 एकड़ जमीन धाम को देंगे ताकि भव्‍य मंदिर का निर्माण किया जा सके।  

chat bot
आपका साथी