म्यांमार की सेना ने विद्रोहियों के दमन के लिए की गोलाबारी, मार्शल लॉ लगाया गया

सैन्य शासन के खिलाफ विद्रोही समूह मिनदैट डिफेंस फोर्स ने सैन्य शासन (तात्मादाव) को शहरों में प्रवेश करने से रोक रखा है। विद्रोही समूह में सशस्त्र पुलिस बल के साथ ही सशस्त्र उग्र युवा भी शामिल हैं जो लगातार अपने देश में फिर से लोकतंत्र की बहाली चाहते हैं।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 04:42 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 04:42 PM (IST)
म्यांमार की सेना ने विद्रोहियों के दमन के लिए की गोलाबारी, मार्शल लॉ लगाया गया
म्यांमार की सेना ने विद्रोहियों के दमन के लिए की गोलाबारी, मार्शल लॉ लगाया गया

यंगून, एजेंसियां। म्यांमार की सत्तारूढ़ सेना (तात्मादाव) ने भारत के मिजोरम राज्य से लगे अपने चिन राज्य के कस्बे मिनदैट में सशस्त्र विद्रोह को दबाने के लिए जमकर गोलाबारी की है। यहां एक पुलिस स्टेशन और बैंक पर सशस्त्र विद्रोहियों के हमले के बाद जुंटा (राजा) ने चिन राज्य के इस कस्बे में मार्शल लॉ लगा दिया है।

सैन्य शासन के खिलाफ विद्रोही समूह 'मिनदैट डिफेंस फोर्स' ने सैन्य शासन (तात्मादाव) को शहरों में प्रवेश करने से रोक रखा है। विद्रोही समूह में सशस्त्र पुलिस बल के साथ ही सशस्त्र उग्र युवा भी शामिल हैं जो लगातार सैन्य शासन का विरोध कर रहें हैं और अपने देश में फिर से लोकतंत्र की बहाली चाहते हैं। चिन आदिवासियों के कुछ पुराने विद्रोही भी सैन्य शासन के खिलाफ विद्रोह से जुड़ गए हैं। वह सरकारी ठिकानों पर हमले के लिए देसी हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इसके बाद विगत मंगलवार से म्यांमार की सेना (तात्मादाव) की टुकडि़यां मिनदैट कस्बे में घुसने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन मिनदैट के विद्रोहियों ने स्थानीय संघर्षविराम को तोड़ते हुए जमकर गोलीबारी और हमले किए हैं। इसके बाद सेना ने मिनदैट से करीब 33 किमी दूर मागवे क्षेत्र में स्थित तोपखाने से बमबारी करके हमले तेज कर दिए। गुरुवार को सुबह छह बजे तक वहां गोले दागे जाते रहे।

चिन प्रांत में राष्ट्रीय मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष थामस थैंगनो ने कहा कि म्यांमार की सेना ने अपने नागरिकों के दमन के लिए तोपखाने का जमकर इस्तेमाल किया है। उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में एक 17 साल का लड़का मारा गया है। क्यूखुतू में अभी भी उन लोगों पर गोलीबारी जारी है। उन्होंने कहा कि सेना एक तरफ आधुनिक स्वचालित राइफलों और तोपों से लड़ रही है, जबकि स्थानीय विद्रोही शिकारियों वाली देसी राइफलों से बड़ी बहादुरी से सेना का सामना कर रहे हैं। बुधवार की रात से जुंटा यानी राजा की सेना और विद्रोहियों के बीच गोलीबारी जारी है।

chat bot
आपका साथी