जर्मनी में ट्रेन की देरी से परेशान महिला ने बुना अनोखा स्कार्फ, लगी छह लाख की बोली

जर्मनी में ट्रेन के सफर में हुई देरी से प्रेरित होकर बुने गए एक स्कार्फ ने कमाल कर दिया है। यह खास स्कार्फ 7550 यूरो यानी छह लाख रुपये में बिका है।

By Tilak RajEdited By: Publish:Fri, 18 Jan 2019 09:26 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jan 2019 09:49 AM (IST)
जर्मनी में ट्रेन की देरी से परेशान महिला ने बुना अनोखा स्कार्फ, लगी छह लाख की बोली
जर्मनी में ट्रेन की देरी से परेशान महिला ने बुना अनोखा स्कार्फ, लगी छह लाख की बोली

लंदन, एजेंसी। ट्रेन में सफर करना और सफर के दौरान बुनाई करना। इन दोनों बातों में कुछ अनोखा नहीं है। लेकिन जर्मनी में ट्रेन के सफर में हुई देरी से प्रेरित होकर बुने गए एक स्कार्फ ने कमाल कर दिया है। यह खास स्कार्फ 7550 यूरो यानी छह लाख रुपये में बिका है। इस स्कार्फ को क्लाउडिया वेबर नाम की रेलयात्री ने बुना है।
क्लाउडिया यहां बावेरियन कंट्रीसाइड के छोटे से कस्बे से म्यूनिख के बीच सफर करती हैं। सालभर पहले मरम्मत के काम के चलते उन्हें 40 मिनट के सफर में दो घंटे से ज्यादा का वक्त लग गया था। इसके अलावा भी कभी-कभी उन्हें ट्रेन की देरी का शिकार होना पड़ता था। इस देरी से उनके मन में एक विचार आया। उन्होंने इस देरी को समर्पित करते हुए एक स्कार्फ बुनना शुरू कर दिया।

हर रोज घर आने के बाद वह स्कार्फ में दो लाइन बुनती थीं। जिस दिन ट्रेन पांच मिनट से कम देर होती थी, उस दिन क्लाउडिया स्लेटी रंग के ऊन का प्रयोग करती थीं। उन्होंने आधे घंटे तक की देरी होने पर गुलाबी और इससे ज्यादा की देरी पर लाल रंग के ऊन का इस्तेमाल किया, जिस दिन ट्रेन दोनों तरफ से लेट होती थी, उस दिन भी वह लाल ऊन का इस्तेमाल करती थीं। ट्रेन समय से होने पर सफेद ऊन से बुना। इस स्कार्फ को 'रेल डिले स्कार्फ' नाम दिया गया है।

बेटी ने दिलाई पहचान
क्लाउडिया की बेटी सारा वेबर एक पत्रकार हैं। उन्होंने एक दिन अपनी मां के बनाए स्कार्फ की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। वहां इसे 23,000 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया। लोगों की इस प्रतिक्रिया से से ही सारा को इसे बेचने और इससे मिले पैसे को रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षा करने वालों की मदद में इस्तेमाल करने का विचार आया। सारा ने कहा, 'लोगों को लगता है कि जर्मनी में ट्रेन कभी लेट नहीं होती। यह सच नहीं है। यही वजह है कि लोगों ने इस स्कार्फ को इतना पसंद किया।'

chat bot
आपका साथी