फ्रांस और यूनान ने रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए, तीन युद्धपोत खरीदेगा एथेंस

फ्रांस और यूनान ने अरबों यूरो के रक्षा सौदे की घोषणा की है। पूर्वी भूमध्यसागर में रक्षा क्षमता मजबूत करने की रणनीति के तहत एथेंस ने तीन फ्रांसीसी युद्धपोत खरीदने का फैसला लिया। अपने पुराने शत्रु तुर्की के साथ तनाव बढ़ जाने के बीच यूनान युद्धपोत खरीदने जा रहा है।

By TaniskEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 09:17 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 09:17 PM (IST)
फ्रांस और यूनान ने रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए, तीन युद्धपोत खरीदेगा एथेंस
फ्रांस और यूनान ने रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए।

पेरिस, एपी। फ्रांस और यूनान ने अरबों यूरो के रक्षा सौदे की घोषणा की है। पूर्वी भूमध्यसागर में अपनी रक्षा क्षमता मजबूत करने की अपनी रणनीति के तहत एथेंस ने तीन फ्रांसीसी युद्धपोत खरीदने का फैसला लिया है। अपने पुराने शत्रु तुर्की के साथ तनाव बढ़ जाने के बीच यूनान युद्धपोत खरीदने जा रहा है। यूनान पश्चिम फ्रांस के लोरियंट में नौसेना समूह द्वारा निíमत तीन फ्रांसीसी युद्धपोत खरीदेगा। इस सौदे में एक और युद्धपोत की खरीदारी का विकल्प भी शामिल है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और यूनान के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोताकिस ने पेरिस में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में रक्षा और सुरक्षा रणनीतिक भागीदारी की घोषणा की। मैक्रों ने कहा, 'यह साझेदारी हमारे आपसी हितों के आधार पर सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त करती है। यह दोनों देशों की संप्रभुता, स्वतंत्रता, क्षेत्रीय एकता की सुरक्षा में मददगार होगी।' मैक्रों और मित्सोताकिस ने सौदे के बारे में और जानकारी नहीं दी।

तुर्की और उसके पड़ोसी देश यूनान के बीच पूर्वी भूमध्यसागर में गैस खोजने के अधिकार और पानी को लेकर हाल के वर्षो में विवाद बढ़ा है। यूनान पहले ही 18 फ्रांसीसी राफेल लड़ाकू विमान खरीद चुका है और अपनी सेना के आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत और छह लड़ाकू विमान खरीदने की योजना बना रहा है।

अमेरिका के साथ विश्वास बहाली में जुटा है फ्रांस : मैक्रों

कुछ दिन पहले आस्ट्रेलिया ने फ्रांस के साथ हुए पनडुब्बी खरीद करार को रद करने की घोषणा की जिससे पेरिस को काफी नुकसान हुआ है। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने मंगलवार को कहा कि यूरोपीय अपनी रक्षा योजनाओं को मजबूत बनाएं और खुद को सम्मानित बनाएं। पनडुब्बी विवाद के बड़े कूटनीतिक संकट में बदल जाने के बाद विश्वास बहाली के प्रयास में फ्रांस ने अमेरिका के साथ बातचीत शुरू की है।

मैक्रों पर अंडा फेंकने वाला छात्र मनोचिकित्सा अस्पताल में भर्ती

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों पर अंडा फेंकने वाले 19 वर्षीय छात्र को मनोचिकित्सा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय फूड फेयर में मैक्रों के कंधे पर अंडा जा लगा था। बिना टूटे अंडा उछल गया था। छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।

chat bot
आपका साथी