नाइजर में छह फ्रांसीसी पर्यटकों समेत आठ लोगों की गोली मारकर हत्या, इस्लामिक आतंकियों पर शक

फ्रांस सरकार ने अपने नागरिकों को नाइजर की यात्रा में पहले ही खतरे की चेतावनी दे रखी है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 10 Aug 2020 06:15 AM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2020 06:15 AM (IST)
नाइजर में छह फ्रांसीसी पर्यटकों समेत आठ लोगों की गोली मारकर हत्या, इस्लामिक आतंकियों पर शक
नाइजर में छह फ्रांसीसी पर्यटकों समेत आठ लोगों की गोली मारकर हत्या, इस्लामिक आतंकियों पर शक

पेरिस, रायटर। पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर में रविवार को मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर छह फ्रांसीसी पर्यटकों और दो नाइजीरियाई नागरिकों की हत्या कर दी। ये सभी राजधानी नियामे के दक्षिण-पूर्व में स्थित जिराफ रिजर्व पार्क देखने गए थे। मारे गए नाइजीरियाई नागरिकों में से एक पर्यटकों को ले गई वैन का ड्राइवर था जबकि दूसरा टूरिस्ट गाइड था। हत्या में इस्लामिक आतंकी संगठन का हाथ होने का संदेह है। 

बोको हरम और उससे जुड़े कई इस्लामिक संगठन सक्रिय

घटना पर नाइजर की सरकार ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है, जबकि फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह हमले की जानकारी ले रहा है। फ्रांस सरकार ने अपने नागरिकों को नाइजर की यात्रा में पहले ही खतरे की चेतावनी दे रखी है। वहां पर आतंकी संगठन बोको हरम और उससे जुड़े कई इस्लामिक संगठन सक्रिय हैं। नाइजर अफ्रीका महाद्वीप का बड़ा देश है जिसकी सीमाएं सात देशों से लगती हैं। इनमें लीबिया, माली, चाड और नाइजीरिया जैसे अशांत देश भी शामिल हैं। 

नाइजर में ही 2017 में आतंकियों ने घात लगाकर हमले में चार अमेरिकी सैनिकों की हत्या कर दी थी। अफ्रीका का यह इलाका फ्रांस का उपनिवेश रहा है। इलाके में पश्चिमी अफ्रीकी देशों और यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलकर फ्रांस ने जून में इस्लामिक आतंकियों के खिलाफ अभियान भी चलाया था। 2013 में फ्रांस ने सहारा मरुस्थल इलाके में सैनिकों की तैनाती भी की थी।

chat bot
आपका साथी