छह माह से स्पेन में लगा लॉकडाउन खत्म होने पर लोगों ने मनाया जश्न, ब्रिटेन में ढील देने की तैयारी

स्पेन में गत नवंबर में महामारी बढ़ने पर देशव्यापी पाबंदियां लगा दी गई थीं। रविवार रात 11 बजे पाबंदियां खत्म कर दी गई। इसके बाद देशभर में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया। हालांकि लोगों को आगाह किया गया है कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 05:30 PM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 05:34 PM (IST)
छह माह से स्पेन में लगा लॉकडाउन खत्म होने पर लोगों ने मनाया जश्न, ब्रिटेन में ढील देने की तैयारी
स्पेन में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया

मैड्रिड, एजेंसियां। यूरोप के कई देशों में कोरोना का कहर कमजोर पड़ने लगा है। इसी का नतीजा है कि स्पेन में छह माह से लगे लाकडाउन को खत्म कर दिया गया। ब्रिटेन में गत जनवरी से जारी लाकडाउन में ढील देने की तैयारी है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन जल्द ही इस संबंध में घोषणा करेंगे। इस बीच, विश्वभर में बीते 24 घंटे में कोरोना के करीब सात लाख नए मामले मिले और दस हजार से अधिक पीडि़तों की मौत हो गई।

स्पेन में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया

सीएनएन की खबर के अनुसार, स्पेन में गत नवंबर में महामारी बढ़ने पर देशव्यापी पाबंदियां लगा दी गई थीं। रविवार रात 11 बजे पाबंदियां खत्म कर दी गई। इसके बाद देशभर में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया। हालांकि लोगों को आगाह किया गया है कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। इसलिए मास्क पहनने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते रहें। स्पेन में अब तक कुल 35 लाख 60 हजार से अधिक संक्रमित पाए गए हैं और 78 हजार से ज्यादा की मौत हुई है।

इधर, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन लाकडान में और ढील देने की तैयारी में हैं। ब्रिटेन में संक्रमण की रोकथाम के लिए गत जनवरी में लाकडाउन लगाया गया था। अब यहां नए मामलों में काफी गिरावट आ गई है। इस यूरोपीय देश में कुल 44 लाख 30 हजार से अधिक संक्रमित मिले हैं और एक लाख 27 हजार से ज्यादा की जान गई है।

अमेरिका में ज्यादा हो सकता है मरने वालों का आंकड़ा

अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या पर सवाल उठने लगे हैं। व्हाइट हाउस के मुख्य चिकित्सा सलाहकार डॉ. एंथनी फासी ने माना है कि कोरोना से मरने वालों संख्या अधिक हो सकती है। वाशिंगटन यूनिवर्सिटी ने एक मॉडल के आधार पर दावा किया कि अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की असल संख्या नौ लाख से अधिक है। इस देश में अब तक पांच लाख 95 हजार से अधिक मौत होने की पुष्टि की गई है।

ब्राजील : 1,024 पीड़ितों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या चार लाख 22 हजार हो गई है। एक करोड़ 51 लाख 84 हजार संक्रमित मिले हैं।

पाकिस्तान : संक्रमण बढ़ने पर पर्यटन स्थलों को 16 मई तक के लिए बंद कर दिया गया। 24 घंटे में 118 मौत हुई और 3,785 नए केस मिले।

श्रीलंका : देश में महामारी बढ़ गई है। अब तक कोरोना के छह वैरिएंट के मामले मिले हैं। दो दिन पहले भारतीय वैरिएंट का पहला केस पाया गया था।

chat bot
आपका साथी