रूस पर कोरोना की तगड़ी मार, 806 लोगों की मौत, ईरान में 620 की गई जान, जापान ने बढ़ाई पाबंदियां

दुनिया के कई मुल्‍कों में कोरोना का कहर जारी है। समाचार एजेंसी आइएएनएस के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 20.72 करोड़ को पार कर गया है। महामारी से अब तक कुल 43.62 लाख से अधिक लोगों की जान चली गई है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 16 Aug 2021 06:50 PM (IST) Updated:Tue, 17 Aug 2021 01:11 AM (IST)
रूस पर कोरोना की तगड़ी मार, 806 लोगों की मौत, ईरान में 620 की गई जान, जापान ने बढ़ाई पाबंदियां
दुनिया के कई मुल्‍कों में कोरोना का कहर जारी है।

वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया के कई मुल्‍कों में कोरोना का कहर जारी है। समाचार एजेंसी आइएएनएस के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 20.72 करोड़ को पार कर गया है। महामारी से अब तक कुल 43.62 लाख से अधिक लोगों की जान चली गई है। दुनिया की महाशक्ति अमेरिका में कोरोना की रफ्तार एकबार फ‍िर तेज हो गई है। अमेरिका इस वायरस की मार से सबसे बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 36,669,696 पर पहुंच गया है। यही नहीं महामारी से 6,21,605 लोगों की मौत हो गई है।

ईरान में 620 लोगों की मौत

ईरान में कोरोना की तगड़ी मार पड़ी है। ईरान में लगातार दूसरे दिन कोरोना से बड़ी संख्‍या में लोगों की मौतें दर्ज की गई हैं। ईरान में बीते 24 घंटों में 655 लोगों की महामारी से मौत हो गई है। इसी अवधि के दौरान 41,194 नए मामले सामने आए। इससे पहले रविवार को ईरान में 620 लोगों की मौत हो गई थी। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक मामलों में बढ़ोतरी के पीछे कोरोना के डेल्‍टा वैरिएंट को माना जा रहा है।

रूस में थम नहीं रही मौतें

रूस में कोरोना के नए मामलों में कमी जरूर देखी गई लेकिन संक्रमण से मौतें थम नहीं रही हैं। समाचार एजेंसी रायटर के मुताबिक रूस में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से 806 लोगों की मौत हो गई जबकि 20,765 नए मामले सामने आए। मास्‍को सबसे प्रभावित शहरों में है। मास्‍को में 1,489 नए मामले सामने आए हैं।

जापान ने प्रतिबंधों को बढ़ाया

जापान सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए आपात स्थिति को 12 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है। जापान सरकार ने यह कदम ऐसे वक्‍त में उठाया है जब राजधानी टोक्यो में 24 अगस्त से पैरालंपिक खेलों की शुरुआत होनी है। संक्रमण के मामलों पर लगाम लगाने के लिए टोक्यो पैरालंपिक में दर्शकों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

संक्रमण के लिहाज से दूसरे स्‍थान पर भारत

यदि संक्रमण के लिहाज से देखें तो दुनिया में भारत दूसरे स्थान पर है। महामारी से मौतों के लिहाज से भारत तीसरे स्‍थान पर है। भारत में संक्रमितों का आंकड़ा तीन करोड़ 22 लाख 25 हजार 513 हो गया है जबकि मरने वालों की संख्‍या चार लाख 31 हजार 642 हो गई है। ब्राजील कोरोना से हुई मौतों के मामले में दुनिया में दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के मामलों के लिहाज से रूस एक बार फिर फ्रांस से आगे निकल गया है। रूस में संक्रमितों की संख्या 65.11 लाख से अधिक हो गई है।  

chat bot
आपका साथी