सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर पहुंचा कोरोना, 24 घंटे में दुनियाभर में आठ लाख से ज्यादा मामले

एवरेस्ट के बेस कैंप में संक्रमित पाए गए नार्वे के पर्वतारोही अर्लेड नेस को हेलीकॉप्टर से काठमांडू पहुंचाया गया जहां एक अस्पताल में भर्ती किया गया। नेस ने शुक्रवार को एक ट्वीट में बताया कि वह गत 15 अप्रैल को पॉजिटिव पाया गया था।

By Neel RajputEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 05:04 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 05:04 PM (IST)
सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर पहुंचा कोरोना, 24 घंटे में दुनियाभर में आठ लाख से ज्यादा मामले
दुनियाभर में 24 घंटे में 13 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमितों की मौत

काठमांडू, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। यह खतरनाक वायरस माउंट एवरेस्ट पर भी पहुंच गया है। दुनिया के इस सबसे ऊंचे शिखर के बेस कैंप में कोरोना संक्रमण का पहला मामला पाया गया है। जबकि बीते 24 घंटे के दौरान विश्वभर में आठ लाख 80 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। इस दौरान साढ़े 13 हजार से ज्यादा पीड़ितों की मौत हो गई।

एवरेस्ट के बेस कैंप में संक्रमित पाए गए नार्वे के पर्वतारोही अर्लेड नेस को हेलीकॉप्टर से काठमांडू पहुंचाया गया, जहां एक अस्पताल में भर्ती किया गया। नेस ने शुक्रवार को एक ट्वीट में बताया कि वह गत 15 अप्रैल को पॉजिटिव पाया गया था। गुरुवार को फिर टेस्ट किया गया, जो निगेटिव आया। एक ऑस्ट्रेलियाई पर्वतारोही ने आगाह किया कि एवरेस्ट पर चढ़ाई करने आए सैकड़ों पर्वतारोहियों में यह वायरस फैल सकता है। इसलिए बेस कैंप में बड़े पैमाने पर टेस्टिंग की जरूरत है। जबकि नेपाल के पर्वतारोहण विभाग की निदेशक मीरा आचार्य ने कहा कि उन्हें किसी कोरोना मामले की जानकारी नहीं है। नेपाल ने इस साल 377 विदेशी पर्वतारोहियों को चढ़ाई की अनुमति दी है। जबकि इस हिमालयी देश में बीते 24 घंटे के दौरान 3,117 नए संक्रमित पाए गए और पांच मरीजों की मौत हो गई।

इधर, जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, शुक्रवार को कोरोना पीड़ितों का वैश्विक आंकड़ा 14 करोड़ 43 लाख 85 हजार 217 हो गया। जबकि मरने वालों की संख्या 30 लाख 69 हजार 293 हो गई है।

ब्राजील में एक दिन में दो हजार पीड़ितों की मौत

ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में गुरुवार को 45 हजार 178 नए कोरोना मरीज पाए गए। इससे संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा एक करोड़ 41 लाख 67 हजार 973 हो गया। इस दौरान 2,027 पीड़ितों के दम तोड़ने से मरने वालों की कुल संख्या तीन लाख 83 हजार 502 हो गई है।

जानें अन्य देशों के हालात

जापान : कोरोना संक्रमण फिर बढ़ने पर टोक्यो और तीन पश्चिमी प्रांतों में इमरजेंसी का एलान कर दिया गया। तीसरी बार यह कदम उठाया गया है।

पाकिस्तान : बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना से 144 पीड़ितों की मौत हो गई और 5,870 नए मरीज पाए गए। देश में फिर तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है।

चीन : राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि गुरुवार को 19 नए केस पाए गए। ये सभी विदेश से आए हैं। बीते 24 घंटे में कोई मौत नहीं हुई।

कोलंबिया : 430 कोरोना मरीजों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 70 हजार के पार पहुंच गई। देश में कुल 27 लाख 70 हजार संक्रमित मिले हैं।

chat bot
आपका साथी