Corona: स्पेन में थमा मौतों का सिलसिला, रूस-पूर्वी यूरोप में खतरा बरकरार, पश्चिमी यूरोप में धीमा पड़ा

रूस और पूर्वी यूरोप में हालात अभी भी खराब है और इस पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चिंता व्यक्त की है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 02 Jun 2020 08:04 PM (IST) Updated:Tue, 02 Jun 2020 08:04 PM (IST)
Corona: स्पेन में थमा मौतों का सिलसिला, रूस-पूर्वी यूरोप में खतरा बरकरार, पश्चिमी यूरोप में धीमा पड़ा
Corona: स्पेन में थमा मौतों का सिलसिला, रूस-पूर्वी यूरोप में खतरा बरकरार, पश्चिमी यूरोप में धीमा पड़ा

मैड्रिड, एजेंसिया। पश्चिमी यूरोप में कोरोना का संक्रमण धीमा पड़ता दिखाई दे रहा है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान स्पेन में कोरोना से एक भी व्यक्ति की मौत नहीं होने का समाचार है। हालांकि संक्रमण के 71 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन यह संख्या 96 थी। इटली में भी लगातार कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में कमी आई है। हालांकि रूस और पूर्वी यूरोप में हालात अभी भी खराब है और इस पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चिंता व्यक्त की है।

पश्चिमी यूरोप में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी: डब्ल्यूएचओ

डब्ल्यूएचओ की प्रवक्ता मार्गेट हैरिस ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पश्चिमी यूरोप में संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है। यह बात ठीक है कि संक्रमण के मामले बहुत तेजी से कम नहीं हो रहे हैं, लेकिन इनमें लगातार कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि रूस और पूर्वी यूरोप में मामले अभी भी बढ़ रहे हैं। रूस में संक्रमित मरीजों की संख्या 4,23,741 हो गई है और प्रभावित देशों में वह तीसरे नंबर पर है। उन्होंने ट्रंप द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन को छोड़े जाने पर किसी तरह की टिप्पणी से इन्कार किया।

चीन में कोरोना से डॉक्टर की मौत

चीन में कोरोना से एक डॉक्टर की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। न्यूज वेबसाइट 'द पेपर' के मुताबिक हू वीफेंग की मौत का समाचार मंगलवार सुबह मिला। हू वुहान सेंट्रल हॉस्पिटल में डॉक्टर थे और उनका पिछले चार महीने से इलाज चल रहा था। हालांकि नेशनल हेल्थ कमीशन ने अपनी नियमित ब्रीफिंग में किसी की मौत होने की बात नहीं बताई है। बता दें कि कोरोना मरीजों का इलाज करने के दौरान दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हुए, लेकिन मरीजों की संख्या में गिना ही नहीं गया। उधर, वुहान में प्रत्येक नागरिक का नये सिरे से कोरोना टेस्ट कराने का अभियान मंगलवार को पूरा हो गया। अब वुहान में कोई भी मरीज नहीं है। हालांकि 300 बिना लक्षण वाले संक्रमित मरीज मिले हैं।

सिंगापुर ने 75 फीसद अर्थव्यवस्था खोली

सिंगापुर ने अपनी 75 फीसद अर्थव्यवस्था को खोल दिया है। फाइनेंस, इलेक्ट्रानिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिटिक्स क्षेत्र में कामकाज शुरू हो गया है। हालांकि खुदरा दुकानें, पर्सनल सर्विस और रेस्तरां में बैठकर खाना खाने पर अभी भी पाबंदी है। उधर, सिंगापुर में संक्रमण के 544 नए मामले सामने आए हैं। अधिकांश मामले डॉर्मिटरी से जुड़े विदेशी कामगारों से संबंधित हैं।

रेमडेसिविर का बहुत असर नहीं

कोरोना वायरस का संभावित इलाज मानी जा रही दवा रेमडेसिविर पर हुए प्रयोग से पता चला है कि यह मध्यम लक्षणों वाले मरीजों को कुछ राहत देती है। दवा निर्माता कंपनी जीलिएड ने कहा है कि जिन लोगों ने कम अवधि के लिए ये दवा ली उनके नतीजे बेहतर रहे। कंपनी की ओर से इस घोषणा के बाद कंपनी के शेयरों के दाम चार प्रतिशत तक गिर गए।

वायरस रोकने में मास्क से ही सबसे ज्यादा मदद

अमेरिका में हुई एक नई रिसर्च में पता चला है कि मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने से कोरोना वायरस को फैलने से कारगर तरीके से रोका जा सकता है, हालांकि बार-बार हाथों को धोने जैसे कदम से भी थोड़ी मदद मिलती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि कोरोना से बचाव में एन-95 मास्क सबसे कारगर साबित हो सकता है जबकि कपड़े की एक परत के मास्क के मुकाबले सíजकल मास्क बेहतर काम करते हैं। शोध में कहा गया है कि दो लोगों के बीच कम से एक मीटर या तीन फीट की दूरी से कोरोना संक्रमण का खतरा कम होता है हालांकि दो मीटर तक की दूरी बनाए रखना बेहतर हो सकता है।

-अमेरिका में चल रहे प्रदर्शनों के बीच राजधानी वाशिंगटन में संक्रमण 56 नए मामले सामने आए हैं।

-बांग्लादेश में एक 71 वर्षीय रोहिंग्या शरणार्थी की कोरोना से मौत हुई है। यह पिछले कुछ दिनों से आइसोलेशन में था।

-इस साल की हज यात्रा में इंडोनेशिया शामिल नहीं होगा।

-हांगकांग ने विदेश से आने वाले यात्रियों पर तीन महीने का प्रतिबंध और बढ़ा दिया है।

-अफगानिस्तान में 759 नए मामले सामने आए हैं। पांच लोगों की मौत के साथ कुल मृतकों की संख्या 270 हो गई है।

-फ्रांस में कैफे और रेस्तरां एक बार फिर से खुल गए हैं।

-गाजा पट्टी पर स्थित सभी मस्जिदों को खोल दिया गया है।

-मलेशिया में संक्रमण के 20 नए मामले सामने आए हैं। अब तक वहां 115 लोगों की मौत हो चुकी है।

-नेपाल में संक्रमण के 288 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह वहां संक्रमित मरीजों की संख्या 2,099 हो गई है।

देश           मौतें            मरीज          एक्टिव केस

अमेरिका    106,944     1860,613    1,138,015

ब्रिटेन         39,045         276,332    उपलब्ध नहीं

इटली         33,475         233,197    41,367

ब्राजील       30,046         529,405    288,279

स्पेन           27,127         286,718   उपलब्ध नहीं

chat bot
आपका साथी