Covid-19 Outbreak: सिडनी में लॉकडाउन के बावजूद बढ़ रहे है कोविड-19 संक्रमण के मामले, अब सेना की मदद से लागू होंगे सख्त प्रतिबंध
ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर संक्रमण के बढ़ते मामलों की मार झेल रहा है। देश के सबसे बड़े शहर सिडनी में गुरुवार को कोविड-19 संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड दैनिक वृद्धि दर्ज की गई। वहीं अधिकारियों ने अब सख्त लॉकडाउन को लागू करने के लिए सेना से मदद मांगी है।
सिडनी, रॉयटर्स: कोरोना महामारी संकट से करीब-करीब पार पा चुका ऑस्ट्रेलिया, अब एक बार फिर संक्रमण के बढ़ते मामलों की मार झेल रहा है। देश के सबसे बड़े शहर सिडनी में गुरुवार को कोविड-19 संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड दैनिक वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, अधिकारियों ने अब सख्त लॉकडाउन को लागू करने के लिए सेना से मदद मांगी है। आपको बता दें, बीते दिनों लॉकडाउन के कारण लगे प्रतिबंधों के विरोध में सिडनी समेत देश के अन्य शहरों में प्रदर्शन हुए थे। जिसमें बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए, इस दौरान कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया था।
लॉकडाउन के बाद भी बढ़ोतरी
कोविड-19 संक्रमण की गंभीरता का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि, सिडनी कई हफ्तों से जारी लॉकडाउन के बावजूद, पिछले 24 घंटों में 239 नए मामले दर्ज किए गए है। जो महामारी की शुरूआत से अब तक की सबसे बड़ी दैनिक वृद्धि है। न्यू साउथ वेल्स राज्य के प्रीमियर ग्लेडिस बेरेजिकेलियन ने सिडनी में संवाददाताओं से कहा, मौजूदा संक्रमण के हालातों को देखते हुए हम सिर्फ ये मान सकते हैं की, आने वाले वक्त में हालात और खराब होने की आशंका है। साथ ही उन्होंने बताया की, कोविड-19 संक्रमण के चलते एक और व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसके चलते देश में संक्रमण से मौतों का आंकड़ा 921 हो गया है।
सख्त प्रतिबंध होंगे लागू
वहीं, न्यू साउथ वेल्स पुलिस के मुताबिक शुक्रवार से राज्य में और भी ज्यादा सख्त प्रतिबंध लागू किए जाएंगे और उनका पालन कराने के लिए तीन सौ से अधिक सैन्य कर्मियों को तैनात किया जाएगा। पुलिस आयुक्त मिक फुलर ने अपने एक बयान में बताया की, बीते प्रदर्शनों को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री से सैन्य सहायता की मांग की थी। जिसे मंजूर कर लिया गया है।
भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका
गौरतलब है की, सिडनी में एक महीने के लिए लॉकडाउन और बढ़ा दिया गया है, लेकिन इस दौरान ज्यादातर निर्माण परियोजनाओं को को तब तक शुरू करने की अनुमति दी गई है। जबतक उनके सभी कर्मचारी पूरी तरह से स्वस्थ हैं। वहीं, लॉकडाउन के दौरान भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है, न्यू साउथ वेल्स ऑस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्था के एक तिहाई से अधिक के लिए जिम्मेदार है।