बांग्लादेश: थम नहीं रही हिंसा, अब हिंदुओं के घरों को लगाई आग

सांप्रदायिक हिंसा - बांग्लादेश के रंगपुर जिले में हमलावरों ने 66 घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। 20 घरों को आग के हवाले कर दिया। दुर्गा पूजा के दौरान फैली अफवाह के बाद यहां हमले नहीं थम रहे हैं।

By Monika MinalEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 01:30 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 01:30 AM (IST)
बांग्लादेश: थम नहीं रही हिंसा, अब हिंदुओं के घरों को लगाई आग
बांग्लादेश में अब हिंदुओं के घरों को लगाई आग

ढाका, प्रेट्र। बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। पूजा मंडपों व मंदिरों पर हुए हमलों के विरोध में जारी अल्पसंख्यक समाज के प्रदर्शन के बीच हमलावरों ने रविवार की रात रंगपुर जिले में हिंदुओं के 66 घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और करीब 20 घरों में आग लगा दी। उधर, इस्कान ने प्रधानमंत्री शेख हसीना से हमलावरों पर सख्त कार्रवाई और हिंदुओं को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

बीडीन्यूज24 डाट काम के अनुसार, 100 से अधिक लोगों ने रंगपुर जिले के पीरगंज के एक गांव में आगजनी की। रिपोर्ट में पुलिस अधीक्षक मुहम्मद कमरूजम्मां के हवाले से बताया गया है कि एक फेसबुक पोस्ट से ईशनिंदा की अफवाह फैली थी, जिसके बाद वहां पुलिस को रवाना किया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। करीब 52 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।                                                                   

अग्निशमन विभाग ने बताया कि पीरोगंज माझीपारा इलाके में 29 घरों, दो रसोई घरों, दो खलिहानों व सूखी घास के 20 ढेरों में आग लगाई गई थी। रात करीब 9.45 बजे सूचना मिली और सुबह 4.10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। एएनआइ के अनुसार, स्थानीय नेता मुहम्मद सादीकुल इस्लाम ने कहा कि हमले को जमात ए इस्लामी और उसकी छात्र इकाई इस्लामी छात्र शिबिर ने अंजाम दिया है।

उल्लेखनीय है कि गत दिनों कुमिल्ला इलाके में दुर्गा पूजा के एक पंडाल में ईशनिंदा की अफवाह फैलने के बाद कट्टरपंथी मुसलमानों ने देश के विभिन्न हिस्सों में पूजा पंडालों व मंदिरों पर हमला बोल दिया था और हिंदुओं से मारपीट की थी। बांग्लादेश हिंदू बुद्धिस्ट क्रिश्चियन यूनिटी काउंसिल ने आरोप लगाया है कि चांदपुर व नोआखली में हमलों में कम से कम चार हिंदू श्रद्धालु मारे गए हैं।

chat bot
आपका साथी