अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में विस्फोट, तालिबान के 2 लड़ाकों समेत तीन की मौत

अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से ही इस तरह के हमलों की संख्या बढ़ गई है। इससे पहल 19 सितंबर को पूर्वी शहर जलालाबाद में एक बस स्टेशन पर हुए विस्फोट में दो नागरिकों की भी मौत हो गई थी।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 01:56 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 01:56 PM (IST)
अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में विस्फोट, तालिबान के 2 लड़ाकों समेत तीन की मौत
जलालाबाद में सूचना और संस्कृति विभाग ने इन हमलों की पुष्टि की है। (प्रतिकात्मक तस्वीर)

काबुल, एएनआइ। अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में बुधवार सुबह हुए हमले में कम से कम तीन लोगों की जान चली गई है। जलालाबाद में सूचना और संस्कृति विभाग ने इन हमलों की पुष्टि की है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मारे गए लोगों में से दो तालिबान के लड़ाके थे और एक अफगान नागरिक था।

अफगान सरकार के पतन और तालिबान के कब्जे के बाद से ही अफगानिस्तान में इस तरह के हमलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे पहल 19 सितंबर को पूर्वी शहर जलालाबाद में एक बस स्टेशन पर हुए विस्फोट में दो नागरिकों की भी मौत हो गई थी।

तालिबान ने अफगानिस्तान के लोगों को उनके जीवन और संपत्तियों की सुरक्षा का आश्वासन दिया था, लेकिन ये हमले तालिबान के दावों के विपरीत हैं। शनिवार को पूर्वी नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर के पुलिस जिला 5 में तालिबान को निशाना बनाकर किए गए लगातार तीन विस्फोटों में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 21 लोग घायल हुए थे। देश की सत्ता पर कब्जे के बाद नंगरहार में तालिबान पर हमले की यह पहली घटना थी।

जलालाबाद स्थित प्रांतीय अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो की मौत हो गई। एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार तीन पीड़ित आम नागरिक थे, जबकि बाकी तालिबानी लड़ाके थे।                                                                       

देश से अमेरिका और नाटो सैनिकों की वापसी के बीच अफगानिस्तान सरकार की सेना के खिलाफ हमलों को तेज करते हुए तालिबान ने काबुल पर कब्जा कर लिया था। काबुल के तालिबान के हाथों में पड़ने और पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार गिरने के बाद पिछले महीने देश संकट में आ गया था।

chat bot
आपका साथी