50 militants killed in Afghan Airstrikes: अफगानी सेना की बड़ी कार्रवाई, हवाई हमलों में 50 तालिबानी आतंकी ढेर

अफगानी सेना की बड़ी कार्रवाई, हवाई हमलों में 50 तालिबानी आतंकी ढेर। फाइल फोटो।

अफगानिस्तान के पकतिया प्रांत में सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों में तालिबान समर्थक 50 आतंकी मारे गए जबकि दर्जनों घायल हो गए। शिंहुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार सोमवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए प्रांत के गवर्नर हलीम फेदाई ने कहा कि मारे गए कई आतंकी विदेशी थे।

Ramesh MishraTue, 08 Jun 2021 06:42 PM (IST)

काबुल, एजेंसी। 50 militants killed in Afghan Airstrikes: अफगानिस्तान के पकतिया प्रांत में सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों में तालिबान समर्थक 50 आतंकी मारे गए, जबकि दर्जनों घायल हो गए। शिंहुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, सोमवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए प्रांत के गवर्नर हलीम फेदाई ने कहा कि मारे गए कई आतंकी विदेशी थे।

रविवार की रात वायु सेना ने किया हमला

गवर्नर ने बताया कि अफगानी वायुसेना ने तालिबान समर्थक आतंकियों पर जरमत, मिर्जाका व अहमदाबाद जिलों में रविवार की रात हवाई हमले किए। हालांकि, रविवार की रात मिर्जाका जिले के काल्किन इलाके में एक चेकपोस्ट पर तालिबान समर्थकों ने हमला कर दिया, जिसके बाद सरकार समर्थक पांच लड़ाके लापता हैं।इस बीच अन्य अधिकारी ने कहा कि काल्किन इलाके में लड़ाई के दौरान एक दर्जन से ज्यादा सुरक्षा कर्मी मारे गए हैं। आतंकियों ने कुछ सरकार समर्थक लड़ाकों को भी उठा लिया है। हालांकि, गवर्नर ने अधिकारी के बयान को खारिज कर दिया। बता दें कि एक मई से अफगानिस्तान से अमेरिकी व नाटो सैनिकों की वापसी शुरू होने के बाद तालिबान ने देश के विभिन्न हिस्सों में हमले तेज कर दिए हैं।

अफगानिस्तान के राष्ट्रपति से मिले अमेरिका के दूत खलीलजाद

अफगानिस्तान में भारी हिंसा के बीच सोमवार को अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने अमेरिका के दूत जालमे खलीलजाद व उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने अशरफ गनी को व्हाइट हाउस का संदेश दिया और आर्थिक क्षेत्र में निरंतर सहायता का आश्वासन दिया है। इस दौरान विभिन्न मंचों पर तालिबान के साथ चल रही शांति वार्ता पर भी चर्चा हुई। बता दें कि अफगानिस्‍तान में हिंसा उच्चतम स्तर पर बनी हुई है। दो दिनों में 119 से ज्यादा लोग मारे गए। इनमें से डेढ़ सौ अफगान सैनिक हैं, जो मारे गए या फिर गंभीर रुप से घायल हुए। इस दौरान 181 आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है।

पश्चिमी प्रांत घोर के शाहरक व एक अन्य जिले पर तालिबान का कब्जा

बता दें कि मौजूदा समय में अफगानिस्तान के 34 प्रांतों में से 26 में जबर्दस्त जंग छिड़ी हुई है। तालिबान ने पश्चिमी प्रांत घोर के शाहरक व एक अन्य जिले पर कब्जा कर लिया। अफगान सैनिक आसपास के गांवों में हटने के लिए मजबूर हुए। अब तालिबान ज्यादा से ज्यादा जिलों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उसका जवाब देने के लिए अफगान सेना जमीन के साथ ही हवाई हमले भी कर रही है। बल्ख में एक कार बम विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई, पचास से ज्यादा नागरिक घायल हुए हैं। ज्ञात हो कि अमेरिका और नाटो सेना की वापसी एक मई से शुरू हो गई है और पूरी सेना की वापसी प्रक्रिया 11 सितंबर तक हो जाएगी।

रोमांचक गेम्स खेलें और जीतें
एक लाख रुपए तक कैश अभी खेलें

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.