नेपाल में आइ बाढ़ और भूस्खलन के कारण 21 की मौत, दो दर्जन लोग लापता
नेपाल में मंगलवार को भारी बारिश के कारण आइ बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के कारण कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है जबकि लगभग 24 लोग लापता हैं। स्थानीय प्रशासन ने दी जानकारी। राहत बचाव का कार्य जारी।
काठमांडू, एएनआइ। नेपाल में भारी बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो चले हैं। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि नेपाल में मंगलवार को भारी बारिश के कारण आइ बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के कारण कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 24 लोग लापता हैं।
नेपाल के गृह मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि देश के 19 जिले बाढ़ और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई राजमार्ग बाधित हो गए हैं जबकि घरेलू उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। बारिश और बाढ़ ने देश के कई हिस्सों में धान की कटाई को बुरी तरह प्रभावित किया है। किसान धान की कटाई के लिए तैयार थे, लेकिन लगातार बारिश के कारण हजारों हेक्टेयर धान की फसल पानी में डूब गई है।
मौसम पूर्वानुमान विभाग (एमएफडी) ने कहा कि कुछ और दिनों तक बारिश जारी रहेगी और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और भारत के मध्य भाग में विकसित कम दबाव वाले मौसम सिस्टम का असर नेपाल की मौसम प्रणाली पर पड़ रहा है।