Beirut Blast: बेरूत के भीषण विस्फोट में 55 फीसद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षतिग्रस्त, UN कर रहा है क्षति का मुल्यांकन
यूएन का आकलन है कि बेरूत में हुए भीषण विस्फोट में 55 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षतिग्रस्त हो चुके हैं इसमें 35 फीसद को काफी नुकसान हुआ है।
संयुक्त राष्ट्र, एजेंसी। लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए भीषण विस्फोट के बाद संयुक्त राष्ट्र यहांं आपातकालीन जरूरतों का आकलन कर रहा है। यूएन का कहना है कि विस्फोट क्षेत्रों मेंं जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। विस्फोट में बड़े पैमाने में लोग प्रभावित हैं। यूएन का आकलन है कि बेरूत में हुए भीषण विस्फोट में 55 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, इसमें 35 फीसद को काफी नुकसान हुआ है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) की एक रिपोर्ट में यहां के शिक्षण संस्थानों का मुल्यांकन किया गया है। इसमें कहा गया है कि 20 तकनीकी स्कूलों को नुकसान पहुंचा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के नुकसान और कामकाज का विस्तृत मूल्यांकन
यूएन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मंगलवार को बताया विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) बेरूत में स्वास्थ्य सुविधाओं के नुकसान और कामकाज के विस्तृत मूल्यांकन में लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का सहयोग कर रहा है। लेबनानी अधिकारी और लेबनानी रेड क्रॉस के समन्वय से बेरूत बंदरगाह के आस-पास जिलों में हुई क्षति का मुल्यांकन किया जा रहा है।
खाद्य जरूरतों का किया जा रहा मुल्यांकन
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने कहा कि विस्फोट के तुरंत बाद विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) ने 5,000 अति संवेदनशील घरों के लिए खाद्य पार्सल आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि जरूरतों के लिहाज से खाद्य सामग्री को बड़े पैमाने पर तैयार भी किया जा रहा है। विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के कार्यकारी निदेशक डेविड ब्यासले ने कहा है कि लेबनान को भोजन प्रदान करने में भी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य जरूरतों का मुल्यांकन किया जा रहा है।
मदद में जुटी संयुक्त राष्ट्र की टीम
प्रवक्ता दुजारिक ने कहा कि लेबनान के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष समन्वयक जन कुबिस और शांति संचालन के अंडरसेक्रेटरी-जनरल जीन-पियरे लैक्रिक्स ने मंगलवार को सुरक्षा परिषद को यह जानकारी दी। दुजारिक ने कहा कि लैक्रिक्स ने बताया कि लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन ने लेबनान सशस्त्र बलों के साथ निकट समन्वय स्थापित किया है और मदद का काम जारी रखा है। यह लेबनान की सेना और लेबनानी लोगों की सहायता के लिए तैयार है।
बेरूत में भीषण विस्फोट, 135 लोगों की गई जान
बता दें कि लेबनान की राजधानी बेरूत में एक भीषण विस्फोट में 135 लोगों की जान चली गई और करीब पांच हजार घायल हो गए। बेरूत में धमाका इतना तीव्र था कि उसकी गूंज 160 किलोमीटर दूर साइप्रस तक सुनाई दी थी। बेरूत के गवर्नर मारवन अबोद ने बताया कि धमाके से करीब आधे शहर को नुकसान पहुंचा है। इस भीषण विस्फोट के चलते शहर को 15 अरब डॉलर (करीब एक लाख दस हजार करोड़ रुपये) तक की क्षति पहुंचने का अनुमान है। तीन लाख लोग बेघर हो गए हैं।