इजरायल में नाफ्ताली बेनेट की ताजपोशी की तैयारी, आठ दलों का हुआ गठबंधन

दक्षिणपंथी यामीना पार्टी के नेता नाफ्ताली बेनेट (49) सबसे पहले प्रधानमंत्री बनेंगे

इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू (71) को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्षी दलों ने हाथ मिला लिया है। इन दलों में राष्ट्रीय सरकार बनाने के लिए समझौता हो गया है। येश एतिद पार्टी के नेता याइर लैपिड ने घोषणा की है कि आठ दलों का गठबंधन हो गया है।

Arun Kumar SinghThu, 03 Jun 2021 08:52 PM (IST)

यरुशलम, प्रेट्र। इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू (71) को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्षी दलों ने हाथ मिला लिया है। इन दलों में मिली-जुली राष्ट्रीय सरकार बनाने के लिए समझौता हो गया है। येश एतिद पार्टी के नेता याइर लैपिड ने घोषणा की है कि आठ दलों का गठबंधन हो गया है और देश में जल्द ही नई सरकार गठित होगी। अगर विपक्ष की कोशिश कामयाब हो जाती है तो इजरायल के सबसे लंबे समय (12 वर्ष) से प्रधानमंत्री और भारत के मित्र नेतन्याहू को कुर्सी छोड़नी पड़ सकती है। 

विपक्षी दलों में जो समझौता हुआ है उसके अनुसार दक्षिणपंथी यामीना पार्टी के नेता नाफ्ताली बेनेट (49) सबसे पहले प्रधानमंत्री बनेंगे। उनके बाद सत्ता की बागडोर लैपिड संभालेंगे। लैपिड ने बुधवार रात 11.30 बजे राष्ट्रपति रुवेन रिवलिन और संसद (नीसेट) के स्पीकर यारिव लेविन को विपक्षी दलों का गठबंधन होने की सूचना दी। बताया कि इस गठबंधन के पास नई सरकार बनाने के लिए बहुमत है। 

उल्लेखनीय है कि बहुमत के आधार पर सरकार गठित करने के लिए दावा पेश करने का बुधवार मध्य रात्रि तक समय निर्धारित किया गया था। लैपिड ने रिवलिन से कहा, संविधान में उल्लिखित प्रविधान के अनुसार हम सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। यह नई सरकार होगी और प्रधानमंत्री के रूप में सबसे पहले इसका नेतृत्व नाफ्ताली बेनेट करेंगे। यह सरकार इजरायल के प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा करेगी। 

लैपिड नई सरकार में विदेश मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे और सरकार के कार्यकाल के मध्य में समझौते के अनुसार उन्हें प्रधानमंत्री का पद मिलेगा। इजरायल की संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार प्रधानमंत्री पद के दावेदार को पहले संसद में विश्वास मत हासिल करना होता है। विश्वास मत प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ होती है। लैपिड ने स्पीकर से संसद का विशेष सत्र आहूत करने का अनुरोध किया है जिससे विश्वास मत की प्रक्रिया पूरी हो सके। राष्ट्रपति रिवलिन ने लैपिड और अन्य दलों के नेताओं को सरकार गठन का अपना वादा पूरा करने के लिए तैयार होने पर बधाई दी। 

पहली बार सत्ता में शामिल होगी अरब पार्टी

इजरायल में दो साल से भी कम समय में चार बार चुनाव हुए हैं लेकिन एक भी बार कोई दल या गठबंधन सरकार बनाने लायक बहुमत प्राप्त नहीं कर सका। इसी के चलते नेतन्याहू देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने हुए हैं। इजरायल की राजनीति में ऐसा पहली बार होगा जब नए गठबंधन में शामिल अरब पार्टी सत्ता में शिरकत करेगी। नए गठबंधन में येश एतिद, यामीना, काहोल लवन, न्यू होप, लेबर, इजरायल बेतेनू, मेरेज और यूनाइटेड अरब लिस्ट पार्टियां शामिल हैं। इस गठबंधन की सरकार यदि विश्वास मत हासिल करने में कामयाब रही तो इजरायल पांचवें आम चुनाव में जाने से बच जाएगा।

 

रोमांचक गेम्स खेलें और जीतें
एक लाख रुपए तक कैश अभी खेलें

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.