ईरान ने माना, नतांज परमाणु साइट पर लगी आग में प्रभावित हुआ नया सेंट्रीफ्यूज असेंबली सेंटर

ईरान ने अपने ताजा बयान में सेंट्रीफ्यूज असेंबली सेंटर को नुकसान की बात मानी।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 07:59 AM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 08:11 AM (IST)
ईरान ने माना, नतांज परमाणु साइट पर लगी आग में प्रभावित हुआ नया सेंट्रीफ्यूज असेंबली सेंटर
ईरान ने माना, नतांज परमाणु साइट पर लगी आग में प्रभावित हुआ नया सेंट्रीफ्यूज असेंबली सेंटर

तेहरान, एपी। ईरान ने इस बात की पुष्टि की है कि भूमिगत नतांज परमाणु स्थल पर आग से क्षतिग्रस्त एक इमारत एक नया सेंट्रीफ्यूज असेंबली सेंटर था। ईरान के महत्वपूर्ण नतांज परमाणु संयंत्र में गुरुवार को आग लग गई थी। घटना की पुष्टि करते हुए ईरानी अधिकारियों ने बताया कि इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्लांट पहले की ही तरह चालू है।

अधिकारियों ने कहा था कि इससे उसका सेंट्रीफ्यूज ऑपरेशन प्रभावित नहीं हुआ या कोई विकिरण नहीं हुआ है। ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने आग की घटना को अधिक तवज्जो नहीं दी और इसे एक महज 'दुर्घटना' करार दे दिया। संगठन के प्रवक्ता बहरूज कमालवांदी ने कहा कि इससे केवल एक 'निर्माणाधीन शेड' ही प्रभावित हुआ। उन्होंने सरकारी न्यूज एजेंसी इरना को बताया था कि आग से क्षतिग्रस्त हिस्से में पहले से ही काम रुका हुआ था।

हालांकि, सभी अधिकारियों के मना करने पर भी कुछ अखबारों ने इस बात की पुष्टि कर दी थी कि ईरान के नतांज परमाणु संवर्धन केंद्र में आग लग गई और जोरदार विस्फोट हुआ। यूएस नेशनल ओसनिक एंड एटमॉस्फियरिक एडमिस्ट्रेशन द्वारा एकत्रित आंकड़ों से पता चलता है कि स्थानीय समयानुसार देर रात करीब दो बजे उत्तर पश्चिम नतांज परिसर में आग लगी। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उसे अंतरिक्ष से उपग्रह द्वारा देखा गया। वहीं, अब इस बात को ईरान ने भी मान लिया है।

एक लाख वर्ग मीटर में फैला ईरान का यह परमाणु संयंत्र जमीन की सतह से आठ मीटर अंदर बना है। खतरनाक रेडियोधर्मी पदार्थ यूरेनियम के दुरुपयोग के आरोपों से घिरे ईरान के परमाणु संयत्रों की निगरानी संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की संस्था कर रही है। यूएन की निगरानी में नतांज संयंत्र भी शामिल है।

chat bot
आपका साथी