Afghanistan crisis: सत्ता और शक्ति के लिए तालिबान के विभिन्न धड़ों में आंतरिक कलह

तालिबान के अंदर भी सत्ता और शक्ति के लिए आंतरिक कलह शुरू हो गई है। इससे वहां के हालात और भी गंभीर होने की आशंका है। अफगानिस्तान की कार्यवाहक सरकार में जातीय और आदिवासी नेता भी होंगे शामिल।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 29 Aug 2021 10:16 PM (IST) Updated:Sun, 29 Aug 2021 10:16 PM (IST)
Afghanistan crisis: सत्ता और शक्ति के लिए तालिबान के विभिन्न धड़ों में आंतरिक कलह
तालिबान के कई धड़ों के बीच कलह हो गई है।

काबुल, एजेंसी। तालिबान के अंदर भी सत्ता और शक्ति के लिए आंतरिक कलह शुरू हो गई है। इससे वहां के हालात और भी गंभीर होने की आशंका है। न्यूयार्क पोस्ट के होली मैके के एक आलेख के अनुसार मौजूदा और पूर्व खुफिया और सैन्य अधिकारियों के हवाले से खबर आ रही है कि तालिबान के कई धड़ों के बीच कलह हो गई है।

अलग-अलग धड़ों की अलग-अलग बैठकें

इनके अलग-अलग मुखिया हैं जो आने वाले दिनों में अमेरिका से आधिकारिक तौर पर कमान सौंपने से पहले, देश में अपनी-अपनी बढ़त चाहते हैं। अलग-अलग धड़े अब अलग-अलग बैठकें करने लगे हैं। यह साफ दिखने लगा है कि कमांड में एकता की कमी हो रही है। वह हिंसा से और भी ज्यादा डरने लगे हैं।

सरकार गठन को लेकर मंथन शुरू

अफगानिस्तान में तालिबान ने समावेशी कार्यवाहक सरकार के गठन को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। इसमें क्षेत्रीय ताकतवर नेताओं को भी शामिल किए जाने पर विचार किया जा रहा है।

अफगानिस्तान की कार्यवाहक सरकार में जातीय और आदिवासी नेता भी होंगे शामिल

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार तालिबान शूरा (परामर्श समिति) के एक सदस्य ने बताया है कि अफगानिस्तान में जल्द ही कार्यवाहक सरकार का गठन किया जाएगा। इसमें तालिबान कमांडरों के साथ ही देश के जातीय और आदिवासी पृष्ठभूमि वाले नेताओं को भी शामिल किया जाएगा।

अफगान लोक गायक अंद्राबी की गोली मारकर हत्या

तालिबान के एक लड़ाके ने अशांत पर्वतीय प्रांत में संदिग्ध परिस्थितियों में एक अफगान लोक गायक की गोली मारकर हत्या कर दी। उनके परिवार ने रविवार को यह जानकारी दी। लोक गायक फवाद अंद्राबी को शुक्रवार को अंद्राबी घाटी में गोली मारी गई। अंद्राबी का नाम इसी घाटी के नाम पर है। लोक गायक के बेटे जवाद अंद्राबी ने बताया कि तालिबान पहले उनके घर की तलाशी ली। उनके बेटे ने कहा, 'वह निर्दोष थे, वह एक गायक थे जो केवल लोगों का मनोरंजन कर रहे थे। उन्होंने उन्हें सिर में गोली मार दी।' तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने बताया कि घटना की जांच की जाएगी, लेकिन हत्या के बारे में कोई अन्य जानकारी नहीं है।

chat bot
आपका साथी