जापान के प्रधानमंत्री एबी तीसरी बार चुने गए अपनी पार्टी के अध्यक्ष, तोड़ेंगे कत्सुरा का रिकार्ड

चुनाव में आसान जीत के साथ ही एबी को बतौर प्रधानमंत्री तीन साल का कार्यकाल और मिल गया है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 12:58 PM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 05:41 PM (IST)
जापान के प्रधानमंत्री एबी तीसरी बार चुने गए अपनी पार्टी के अध्यक्ष, तोड़ेंगे  कत्सुरा का रिकार्ड
जापान के प्रधानमंत्री एबी तीसरी बार चुने गए अपनी पार्टी के अध्यक्ष, तोड़ेंगे कत्सुरा का रिकार्ड

टोक्यो, एएफपी/रायटर। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने गुरुवार को सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के अध्यक्ष पद का चुनाव आसानी से जीत लिया। तीसरी बार पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही वह सबसे ज्यादा समय तक प्रधानमंत्री बने रहने की राह पर भी बढ़ गए हैं।

एबी अब देश के संविधान में सुधार करने के अपने सपने को भी साकार कर सकेंगे। पार्टी अध्यक्ष का चुनाव जीतने के बाद 63 वर्षीय एबी ने कहा, 'यह समय संविधान में संशोधन करने का है। आओ नया जापान बनाने के लिए मिलकर काम करें।'

एबी को बतौर प्रधानमंत्री तीन साल का कार्यकाल और मिल गया

एबी ने इस चुनाव में पूर्व रक्षा मंत्री शिगेरू इशिबा को 254 के मुकाबले 553 मतों से पराजित किया। चुनाव में आसान जीत के साथ ही एबी को बतौर प्रधानमंत्री तीन साल का कार्यकाल और मिल गया है। अब उनके पास प्रधानमंत्री पद पर सबसे लंबे समय तक रहे तारो कत्सुरा का रिकार्ड तोड़ने का मौका है। तारो साल 1901 से 1913 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे थे।

एक और कार्यकाल मिलने से एबी अर्थव्यस्था और सामाजिक सुरक्षा जैसी प्राथमिकताओं को महत्व देने के साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के संविधान में संशोधन की दिशा में भी काम कर सकेंगे। वह कई बार दोबारा संविधान लिखने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। 1955 में स्थापित उनकी पार्टी ने भी एक दशक पहले संविधान में बदलाव करने का वादा किया था।

आबे को लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के 402 एमपी में से 329 वोट मिले। इसके अलवा पार्टी के 405 सदस्यों में से 224 वोट भी आबे को ही मिले। इसके साथ ही शिंजो आबे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनोमी को संभालने के लिए तीसरी बार भी तैयार हो गए हैं।

माना जा रहा है कि अक्टूबर में अब शिंजो आबे अपने कैबिनेट का विस्तार करेंगे। शिंजो आबे को देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के लिए जाना जाता है। उनके समय में जापान और अमेरिकी संबंध में सबसे मजबूत दौर में हैं।

chat bot
आपका साथी