चीन और उत्तर कोरिया से खतरे के बीच जापान ने रक्षा बजट बढ़ाकर सैन्य क्षमता बढ़ाने की जरूरत बताई

किशिदा ने कहा है कि हमें वास्तविक खतरों को ध्यान में रखते हुए अपने लोगों की सुरक्षा के लिए विकल्पों पर विचार करना होगा। सोमवार को ही देश के कैबिनेट सेक्रेटरी हिरोकाजू मात्सुनो ने मिसाइल हमले से बचाव करने वाली प्रणाली मजबूत बनाने पर बल दिया है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 10:07 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:07 PM (IST)
चीन और उत्तर कोरिया से खतरे के बीच जापान ने रक्षा बजट बढ़ाकर सैन्य क्षमता बढ़ाने की जरूरत बताई
जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा ने जापान का रक्षा बजट बढ़ाकर सुरक्षा क्षमता बढ़ाए जाने की आवश्यकता जताई

टोक्यो, एपी। जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा ने जापान का रक्षा बजट बढ़ाकर सुरक्षा क्षमता बढ़ाए जाने की आवश्यकता जताई है। उन्होंने यह बात आठ राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कही है। एक सार्वजनिक बहस में इन नेताओं ने चीन और उत्तर कोरिया की ओर से बढ़ रहे सुरक्षा खतरे के मद्देनजर प्रधानमंत्री से सवाल पूछा था। यह बहस 31 अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रीय चुनाव से ठीक पहले हो रही थी। इस बहस में नेताओं ने कोविड-19 महामारी से प्रभावित अर्थव्यवस्था और उससे जुड़े भविष्य के खतरों पर भी चर्चा हुई। अर्थव्यवस्था को मंदी के दौर से उबारने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

दुश्मन पर जवाबी कार्रवाई के लिए खुद को तैयार करना होगा

लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रमुख किशिदा इसी महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री बने हैं। अब उन्हें 465 सीटों वाले निचले सदन के लिए होने वाले चुनाव का सामना करना है। दो सदनों वाली जापान की संसद डाइट के इसी सदन की बहुमत वाली पार्टी या गठबंधन को देश में सरकार बनाने का मौका मिलता है। किशिदा ने कहा, जापान का सुरक्षा वातावरण तेजी से बदल रहा है। उत्तर कोरिया ने ऐसी सैकड़ों मिसाइलें बना ली हैं जो जापान तक आसानी से पहुंच सकती हैं। इसलिए दुश्मन पर जवाबी कार्रवाई के लिए खुद को तैयार करना होगा।

मिसाइल हमले से बचाव करने वाली प्रणाली मजबूत बनाने पर बल

द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद जापान के संविधान में प्रविधान किया गया है कि वह किसी भी देश पर आक्रमण नहीं करेगा और अपने रक्षा बजट को भी सीमित रखेगा। इसलिए किशिदा ने जवाबी कार्रवाई की बात कही है। लेकिन कुछ लोगों ने उनकी जवाबी कार्रवाई वाले बयान की भी निंदा की है। किशिदा ने कहा है कि हमें वास्तविक खतरों को ध्यान में रखते हुए अपने लोगों की सुरक्षा के लिए विकल्पों पर विचार करना होगा।

सोमवार को ही देश के कैबिनेट सेक्रेटरी हिरोकाजू मात्सुनो ने मिसाइल हमले से बचाव करने वाली प्रणाली मजबूत बनाने पर बल दिया है। उन्होंने यह बात चीन के सुपरसोनिक मिसाइल के टेस्ट की खबर सार्वजनिक होने के बाद कही है। मात्सुनो ने परमाणु हथियारों से भी जापान को बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने जापान किसी भी आकाशीय खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता जताई है।

chat bot
आपका साथी