शक्तिशाली चंथु से सहमा चीन, ताइवान और वियतनाम पर मंडराया दो शक्तिशाली तूफानों का खतरा, बाढ़ और भूस्खलन का डर

शक्तिशाली तूफान चंथु ने वियतनाम और ताइवान के साथ अब चीन को भी अपनी गिरफ्त में ल‍िया है। तूफान चंथु का खतरा मंडरा रहा है। चीन के शंघाई और पड़ोसी तटीय क्षेत्र इसकी चपेट में हैं। इस साल आने वाला चंथु तूफान अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान है।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 11:31 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 01:21 PM (IST)
शक्तिशाली चंथु से सहमा चीन, ताइवान और वियतनाम पर मंडराया दो शक्तिशाली तूफानों का खतरा, बाढ़ और भूस्खलन का डर
शक्तिशाली चंथु से सहमा चीन, ताइवान और वियतनाम पर मंडराया दो शक्तिशाली तूफानों का खतरा।

बीजिंग, एजेंसी। शक्तिशाली तूफान चंथु ने वियतनाम और ताइवान के साथ अब चीन को भी अपनी गिरफ्त में ल‍िया है। इन देशों में तूफान चंथु का खतरा मंडरा रहा है। चीन के शंघाई और पड़ोसी तटीय क्षेत्र इसकी चपेट में हैं। इस साल आने वाला चंथु तूफान अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान है। अप्रैल में सुपर टाइफून  सुरिगे के बाद चंथु साल का दूसरा बड़ा तूफान है। टाइफून शनिवार तड़के फिलीपींस में लूजोन के पूर्व और उत्तर की ओर से गुजरा। इसके चलते प्रभावित क्षेत्र में भारी बारीश हुई।

शंघाई और पड़ोसी तटीय क्षेत्रों में उड़ानें रद

उधर, तूफान के खतरे को देखते हुए चीन के शंघाई और पड़ोसी तटीय क्षेत्रों में उड़ानों को रद कर दिया गया है। शिक्षण संस्‍थानों, सबवे और ट्रेनों के परिचालन को भी निलंबित कर दिया गया है। शंघाई शहर के अधिकारियों ने अपने आधिकारिक वीचैट अकाउंट पर एक पोस्ट में तूफान की चेतावनी जारी करते हुए कहा कि इसकी रफ्तार 170 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक रहने का अनुमान है। अधिकारियों ने कहा कि तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की उम्‍मीद है।

आयात और निर्यात सेवाओं पर लगा ब्रेक

शंघाई क्षेत्रों में पोर्ट टर्मिनलों ने कंटेनर आयात और निर्यात सेवाओं को सोमवार से अगली सूचना तक निलंबित कर दिया है। शहर ने शहर के दक्षिणी जिलों की सेवा करने वाली कुछ लाइनों पर मेट्रो सेवाओं को भी निलंबित कर दिया है। शंघाई क्षेत्र के सभी पार्क, बाहरी पर्यटक आकर्षण और खेल के मैदान सोमवार और मंगलवार को बंद रहेंगे। आधिकारिक पूर्वानुमानों में दक्षिणपूर्वी जिआंगसु प्रांत, शंघाई और उत्तरपूर्वी झेजियांग के कुछ क्षेत्रों में 250-280 मिलीमीटर बारिश की संभावना जताई गई है।

झेजियांग प्रांत में अलर्ट जारी

शिन्हुआ समाचार सेवा ने बताया कि शंघाई के पास झेजियांग प्रांत ने रविवार को अलर्ट जारी कर दिया है। स्कूलों को बंद कर दिया और कुछ शहरों में उड़ानें और रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। तूफान के कारण झेजियांग ने 9 जिलों में अचानक बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। इन नौ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। शंघाई के बाद चीन का दूसरा सबसे बड़ा कंटेनर ट्रांसपोर्टिंग हब निंगबो बंदरगाह ने रविवार दोपहर से परिचालन बंद कर दिया गया है।

ताइवान में हवा की रफ्तार 220 किलोमीटर तक जाने की उम्‍मीद

ताइवान में हवा की रफ्तार 220 किलोमीटर तक हो सकती है। ताइवान में मौसम की स्थिति सुधरने की कम उम्मीद है। ताइवान में 200 से 300 मिलीमीटर की भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार को ताइवान की सरकारी सेंट्रल न्यूज एजेंसी से बात करते हुए सेंट्रल वेदर ब्यूरो की अधिकारी वू वान-हुआ ने कहा था कि उनका अनुमान है कि द्वीप के दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश हो सकती है। भारी बारीश के चलते बाढ़ की आंशका व्‍यक्‍त की गई है। ताइवान के ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन आ सकता है।

chat bot
आपका साथी