चीन में हिरासत में लिया गया अमेरिकी जोड़ा, दोनों देशों के बीच बढ़ सकता है टकराव

चाइना होराइजंस के फेसबुक पेज पर कहा गया है कि दोनों को झूठे आरोपों में पकड़ा गया है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 05:32 PM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 05:38 PM (IST)
चीन में हिरासत में लिया गया अमेरिकी जोड़ा, दोनों देशों के बीच बढ़ सकता है टकराव
चीन में हिरासत में लिया गया अमेरिकी जोड़ा, दोनों देशों के बीच बढ़ सकता है टकराव

 बीजिंग, एएफपी। चीन और अमेरिका में कारोबारी तनाव के बीच चीन में अंग्रेजी पढ़ाने के कारोबार से जुड़े एक अमेरिकी जोड़े को हिरासत में लिया गया है। पूर्वी चीन के जियांग्सु प्रांत में चाइना होराइजंस नामक कंपनी चलाने वाले जैकब हार्लन और एलिसा पीटरसन को पिछले माह हिरासत में लिया गया था। उनकी कंपनी चीन के स्कूलों में अंग्रेजी पढ़ाने के लिए अमेरिकी शिक्षकों की व्यवस्था करती है। चाइना होराइजंस के फेसबुक पेज पर कहा गया है कि दोनों को झूठे आरोपों में पकड़ा गया है।

एलिसा पर आरोप लगाया गया है कि वह लोगों के साथ गैरकानूनी तरीके से सीमा पार जा रही थीं। जैकब को प्रांत के झेनजियांग शहर के एक होटल में पुलिस की निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने गत 28 सितंबर को जैकब को जब हिरासत में लिया आठ साल की उनकी बेटी भी उनके साथ थी। उनका मोबाइल फोन और कंप्यूटर ले लिया गया। चाइना होराइजंस में एसोसिएट डायरेक्टर के तौर पर काम करने वाली एलिसा को गत 27 सितंबर को पकड़ा गया था।

अमेरिका बोला, स्थिति पर नजर

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, 'दो अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिए जाने की खबर से हम वाकिफ हैं। हम अमेरिकी नागरिकों की मदद करने की अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभा रहे हैं। स्थिति पर हमारी नजर है।'

गौरतलब है कि अमेरिका ने चीन के शिनजियांग प्रांत के मुस्लिमों को हिरासत केंद्र में रखे जाने को लेकर चीनी अधिकारियों के वीजा पर प्रतिबंध लगा दिया है। अमेरिका-चीन के रिश्ते पहले से ही ट्रेड वॉर की वजह से तनावपूर्ण चल रहे हैं और इस नए कदम से दोनों देशों के बीच टकराव और बढ़ सकता है। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उइगर मुस्लिमों को निगरानी कैंप में रखे जाने के लिए जिम्मेदार चीनी अधिकारियों और नेताओं के लिए वीजा बैन कर दिया गया है। इन अधिकारियों और नेताओं के परिवार के सदस्यों की यात्रा पर भी बैन लागू होगा।

यह भी पढ़ेंः अमेरिका और चीन में रार होना तय, हांगकांग को लेकर यूएस ने उठाया ये बड़ा कदम

chat bot
आपका साथी