हांगकांग में चीनी कानून की आड़ में दमन जारी, देश-विरोधी साजिश में 47 लोकतंत्र समर्थक गिरफ्तार

हांगकांग में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की आड़ में दमन जारी है। चीन के हाथों में खेल रही हांगकांग की पुलिस ने रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 47 लोकतंत्र समर्थक आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर देशविरोधी साजिश का आरोप है। पढ़ें यह रिपोर्ट...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 04:18 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 05:20 PM (IST)
हांगकांग में चीनी कानून की आड़ में दमन जारी, देश-विरोधी साजिश में 47 लोकतंत्र समर्थक गिरफ्तार
हांगकांग की पुलिस ने रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 47 लोकतंत्र समर्थक आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हांगकांग, एपी। चीन के हाथों में खेल रही हांगकांग की पुलिस ने रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 47 लोकतंत्र समर्थक आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। इन पर देशविरोधी साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। बता दें कि इसी वर्ष जनवरी में पुलिस ने पूर्व सांसदों और लोकतंत्र समर्थकों को बड़े पैमाने पर गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया था। अब उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है और सोमवार को इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने इन लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। इस कानून को चीन ने पिछले वर्ष जून में यहां लागू किया था। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें 39 पुरुष और आठ महिलाएं हैं। इनकी उम्र 23 से लेकर 64 वर्ष के बीच है। पुलिस के मुताबिक आंदोलनकारी ना केवल शहर की व्यवस्था की पंगु बनाना चाहते थे बल्कि सरकार को उखाड़ फेंकने की साजिश रच रहे थे।

रविवार को जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया, उनमें पूर्व सांसद एडी चू भी शामिल हैं। उनके आधिकारिक ट्विटर अकाउंट ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वहीं प्राइमरी चुनावों में प्रत्याशी रहीं विनी यू को भी गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी उनके आधिकारिक फेसबुक पेज पर दी गई है। 

उल्‍लेखनीय है कि अमेरिका बार बार हांगकांग में मानवाधिकारों के हनन की बात करता रहा है। बीते दिनों चीन ने अमेरिका को हिदायत दी थी कि वह सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) और उसकी एकल पार्टी राजनीतिक व्यवस्था की छवि खराब नहीं करे। इसके साथ ही चीन ने बाइडन प्रशासन से ताइवान, तिब्बत, हांगकांग और शिनजियांग में अलगाववादी ताकतों पर रोक लगाने को कहा था।

मालूम हो कि अमेरिकी सांसदों के एक द्विदलीय समूह ने इस साल नोबेल शांति पुरस्कार (Nobel Peace Prize) के लिए हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक आंदोलन को नामित किया है। बीते दिनों आई समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सांसदों नेे प्रदर्शनकारियों को चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू करने के खिलाफ संघर्ष के लिए सम्मानित करने के तौर पर यह किया है।  

chat bot
आपका साथी