मोदी और इमरान के सद्भावना संदेशों का चीन ने किया स्वागत

भारत में चुनाव परिणाम के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी को बधाई देने और उस पर मोदी के जवाब का चीन ने स्वागत किया है।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 09:02 PM (IST) Updated:Fri, 24 May 2019 09:02 PM (IST)
मोदी और इमरान के सद्भावना संदेशों का चीन ने किया स्वागत
मोदी और इमरान के सद्भावना संदेशों का चीन ने किया स्वागत

बीजिंग, प्रेट्र। भारत में चुनाव परिणाम के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी को बधाई देने और उस पर मोदी के जवाब का चीन ने स्वागत किया है। कहा है कि इससे दोनों देशों को बातचीत के जरिये अपने मतभेद दूर करने में मदद मिलेगी।

गुरुवार को इमरान ने प्रधानमंत्री मोदी को चुनाव में जीत के लिए बधाई दी थी और दक्षिण एशिया में शांति और तरक्की के लिए साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई थी। मोदी ने जवाब में शुभकामनाओं के लिए इमरान का आभार जताया था। साथ ही क्षेत्र में शांति और विकास को प्राथमिकता देने की अपनी सोच बताई थी। चीन के विदेश विभाग के प्रवक्ता ल्यू कांग ने चीन ने दोनों नेताओं के आपसी संवाद का संज्ञान लिया है। हम इसका स्वागत करते हैं। दोनों देश दक्षिण एशिया के प्रमुख देश हैं। दोनों के बीच शांति और सौहार्द होना उनके हित में है, विश्व बिरादरी भी यही चाहती है।

दोनों देश सद्भावना बनाए रखते हुए आगे बढ़कर मिलें और बातचीत के जरिये अपने मतभेद दूर करें। दोनों देशों के संबंध बेहतर होने से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में फरवरी में आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने के बाद दोनों देशों के संबंध बिगड़ गए थे। जवाब में भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी शिविर पर हवाई हमला किया था। विश्व बिरादरी के दखल के बाद दोनों देशों के बीच तनाव कम हुआ था।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी