विश्व में लगातार दूसरे दिन 14 हजार मरीजों की मौत, तकरीबन साढ़े आठ लाख कोरोना के नए मामले

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार शनिवार सुबह कोरोना संक्रमित लोगों का वैश्विक आंकड़ा 15 करोड़ 64 लाख 72 हजार 669 हो गया। जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 लाख 64 हजार 720 हो गई है।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 05:08 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 05:33 PM (IST)
विश्व में लगातार दूसरे दिन 14 हजार मरीजों की मौत, तकरीबन साढ़े आठ लाख कोरोना के नए मामले
अमेरिका में कोरोना से 2,700 बंदियों की भी मौत

वाशिंगटन, एजेंसियां। कई देशों में कोरोना महामारी के दोबारा गहराने से विश्व में नए मामलों और मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। दुनियाभर में लगातार दूसरे दिन करीब 14 हजार मरीजों की मौत हो गई। इस दौरान तकरीबन साढ़े आठ लाख नए पॉजिटिव केस पाए गए। एक दिन पहले भी करीब इतने ही नए मामले पाए गए थे और 14 हजार से ज्यादा की जान गई थी।

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, शनिवार सुबह कोरोना संक्रमित लोगों का वैश्विक आंकड़ा 15 करोड़ 64 लाख 72 हजार 669 हो गया। जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 लाख 64 हजार 720 हो गई है। इधर, ब्राजील में बीते 24 घंटे में करीब 78 हजार नए मामले मिलने से पीडि़तों का कुल आंकड़ा एक करोड़ 50 लाख 80 हजार से अधिक हो गया है। जबकि इस दौरान करीब 2,200 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या चार लाख 20 हजार हो गई है। ब्राजील के साओ पाउलो प्रांत में संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाई गई पाबंदियां और दो हफ्तों के लिए बढ़ा दी गई हैं।

अमेरिका में कोरोना से 2,700 बंदियों की भी मौत

दुनिया में महामारी से सबसे ज्यादा जूझने वाले अमेरिका की जेलों और आव्रजन हिरासत केंद्रों में करीब एक साल के दौरान 2,700 से अधिक बंदियों की भी कोरोना से मौत हो गई। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। अमेरिका में अब तक कुल तीन करोड़ 34 लाख से अधिक संक्रमित पाए गए और पांच लाख 95 हजार से अधिक की मौत हुई है। कोरोना महामारी की दूसरी लहर का सामना करने वाले इस देश में नए मामलों में गिरावट का दौर जारी है।

विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु

तुर्की : 24 घंटे में 20 हजार 107 नए पॉजिटिव केस मिलने से संक्रमितों की संख्या 49 लाख 98 हजार हो गई है। यहां कुल 42 हजार 465 मौत हुई है।

ईरान : देशभर में 17 हजार 76 नए मामलों की पुष्टि होने से पीडि़तों का कुल आंकड़ा 26 लाख 27 हजार हो गया है। 74 हजार 241 की जान गई है।

रूस : 8,329 नए संक्रमित पाए जाने से कोरोना मरीजों की कुल संख्या 48 लाख 71 हजार से अधिक हो गई है। करीब एक लाख 13 हजार मौत हुई है।

chat bot
आपका साथी