अमेरिका तक पहुंचा कोरोना का नया वैरिएंट, वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके व्यक्ति में मिला ओमिक्रोन

ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले वाले देशों में अब अमेरिका सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के नाम भी जुड़ गए हैं। इन तीनों देशों में एक-एक मामले मिले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसके 23 देशों में पहुंचने की जानकारी दी है।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 09:20 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 09:20 AM (IST)
अमेरिका तक पहुंचा कोरोना का नया वैरिएंट, वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके व्यक्ति में मिला ओमिक्रोन
अब तक 23 देशों तक पहुंच चुका है नया वैरिएंट

वाशिंगटन, एजेंसी। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के बारे में जैसे-जैसे नई जानकारियां सामने आ रही हैं दुनिया भर में चिंता बढ़ती जा रही है। बढ़ती दहशत के बीच कई देशों द्वारा यात्रा प्रतिबंधों को और सख्त किया जा रहा है और उड़ानों पर रोक लगाई जा रही है। इन सख्त उपायों के बावजूद ओमिक्रोन के मामले नए-नए देशों में मिल रहे हैं। ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले वाले देशों में अब अमेरिका, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नाम भी जुड़ गए हैं। इन तीनों देशों में एक-एक मामले मिले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसके 23 देशों में पहुंचने की जानकारी दी है।

अभी नए वैरिएंट को लेकर शोध चल रहे हैं। स्पाइक प्रोटीन में बदलाव से यह तो माना जा रहा है कि यह कोरोना के इससे पहले के सभी वैरिएंट से अधिक संक्रामक है, लेकिन इसके खतरनाक होने के अभी तक पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले हैं जिससे कुछ राहत मिलती है। परंतु, डेल्टा की तबाही से डरे-सहमे देश पूरी सावधानी बरत रहे हैं। कई देशों के बाद अब जापान ने भी अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों को और सख्त कर दिया है। उसने सभी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस से दिसंबर तक नई बुकिंग नहीं करने को कहा है। जापान में ओमिक्रोन का दूसरा मामला मिला है। यह व्यक्ति कतर होते हुए पेरू से आया था। जापान ने विदेशी नागरिकों के आने पर पहले ही पाबंदी लगा दी थी। कई और देशों ने भी अफ्रीकी देशों से आने वालों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

अमेरिका के संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी पासी ने बुधवार को कहा कि देश में ओमिक्रोन के पहले मामले की पुष्टि हुई है। 22 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से कैलिफोर्निया लौटे एक व्यक्ति को सात दिन बाद ओमिक्रोन से संक्रमित पाया गया है। व्यक्ति वैक्सीन की दोनों डोज ले चुका था। उसमें संक्रमण के हल्के लक्षण मिले हैं और उसे क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है।

सऊदी अरब में भी पहला केस मिला

सऊदी अरब ने भी बुधवार को कहा कि उसके यहां ओमिक्रोन का पहला मामला मिला है। इससे एक दिन पहले ही ब्राजील ने अपने यहां इस नए वैरिएंट का पहला केस पाए जाने की पुष्टि की थी। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस अढानम घेब्रेयेसस ने कहा है कि ओमिक्रोन अब तक कम से कम 23 देशों में पहुंच चुका है। हालांकि, उन्होंने इन देशों के नाम नहीं बताए हैं। उन्होंने इसके मामलों के तेजी से बढ़ने की आशंका भी जताई है।

chat bot
आपका साथी