Coronavirus World Update : अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 69 हजार से ज्यादा केस, विशेषज्ञों ने चेताया

अमेरिका में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 69 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए हैं। यह पहली बार है जब किसी देश में एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित पाए गए हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 11 Jul 2020 04:12 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 03:59 AM (IST)
Coronavirus World Update : अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 69 हजार से ज्यादा केस, विशेषज्ञों ने चेताया
Coronavirus World Update : अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 69 हजार से ज्यादा केस, विशेषज्ञों ने चेताया

वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका में कोरोना महामारी दिन-प्रतिदिन भयावह होती जा रही है। बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 69 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए हैं। दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित नहीं पाए गए हैं। यह लगातार तीसरा दिन है, जब अमेरिका में 60 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। अमेरिका के 29 राज्‍यों में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी देखी जा रही है। महामारी के नए केंद्र के तौर पर उभर रहे कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा और टेक्सास में तेजी से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है। 

दोबारा लॉकडाउन की नौबत 

अलास्का, जॉर्जिया, विस्कांसिन, इडाओ, आयोवा, लुइसियाना, मोंटाना और ओहियो समेत नौ प्रांतों में भी संक्रमण में उछाल देखा जा रहा है। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने शुक्रवार को यह चेतावनी दी कि अगर संक्रमण में गिरावट नहीं आई तो वह प्रांत में दोबारा लॉकडाउन लगा सकते हैं। अमेरिका के 50 प्रांतों में से 44 में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। अमेरिका में अब तक कुल 32 लाख 93 हजार लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से एक लाख 36 हजार से ज्यादा की जान गई है, जबकि 14 लाख 60 हजार उबर गए हैं। 

एंथोनी फूसी ने चेतावनी दी 

मियामी  डैड काउंटी में 28 फीसद लोगों में संक्रमण पाया गया है। अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथोनी फूसी ने चेतावनी दी है कि देश में एक दिन में कोरोना के मामलों के मिलने की दर एक लाख तक पहुंच सकती है। वहीं दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 12.4 मिलियन से अधिक हो गई है जबकि मौतों का आंकड़ा 559,000 से अधिक हो गया हैं। शनिवार सुबह तक कुल मामले 12,461,962 थे जबकि 559,481 लोगों की मौत दर्ज की गई है।

रूस में 24 घंटे में 6,611 मामले 

टेक्सास और फ्लोरिडा में हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। अकेले फ्लोरिडा में शुक्रवार को 11,433 नए मामले दर्ज किए गए। रूस में भी कोरोना संक्रमण में तेज इजाफा देखा जा रहा है। रूस में बीते 24 घंटे में 6,611 मामले सामने आए जिसके साथ संक्रमितों का आंकड़ा 720,547 पर पहुंच गया है। अकेले मास्‍को में एक दिन में 678 नए मामले सामने आए। रूस में एक दिन में संक्रमण से 188 लोगों की मौत हो गई। रूस में कोरोना संक्रमण से अब तक 11,205 लोगों की मौत हो चुकी है। रूस में अब तक 497,446 लोग बीमारी को मात भी दे चुके हैं। 

दो-तिहाई अमेरिकी ट्रंप से खुश नहीं 

कोरोना से निपटने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तौर-तरीकों से देश के दो-तिहाई यानी 67 फीसद लोग संतुष्ट नहीं हैं। अमेरिका में कोरोना वायरस फैलने के बाद असंतोषष का यह चरम स्तर है। एक सर्वे में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि सिर्फ 33 फीसद अमेरिकी इस मामले में ट्रंप के कामकाज से संतुष्ट हैं। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, रिपब्लिकन समर्थकों के बीच भी संतुष्ट लोगों की संख्या घटी है। यह 90 से 78 फीसद पर आ गया है। सर्वे के मुताबिक स्वतंत्र मत रखने वालों में ट्रंप के समर्थक महज 26 फीसद रह गए हैं, जबकि मध्य जून में यह 40 फीसद था। आठ और नौ जुलाई के इस सर्वे में 711 लोग शामिल हुए। 

एक नजर इन देशों पर 

जापान : दो सैन्य अड्डों पर दर्जनों अमेरिकी नौसैनिक भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। स्थानीय मीडिया ने संक्रमित सैनिकों की संख्या 60 बताई है। 

दक्षिण अफ्रीका : कोरोना के आधे से ज्यादा मामले बिना लक्षण वाले हैं। संक्रमित लोगों की संख्या ढाई लाख के पार पहुंच गई है। 

ब्रिटेन : 48 और पीड़‍ितों की मौत से मरने वालों की संख्या 44 हजार 650 हुई। अब तक कुल दो लाख 88 हजार कोरोना से पीड़‍ित पाए जा चुके हैं। 

ऑस्ट्रेलिया : दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले विक्टोरिया प्रांत में लगातार संक्रमित बढ़ रहे हैं। फिर 216 लोग कोरोना की चपेट में पाए गए। 

पाकिस्तान : 2,752 नए केस मिलने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा दो लाख 46 हजार हो गया है। अब तक पांच हजार 123 पीड़‍ितों की मौत हुई है। 

नेपाल : 70 नए मामले मिलने से इस हिमालयी देश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 16 हजार 719 हो गई है। 38 पीड़‍ित दम तोड़ चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी