बढ़ते तनाव में टकराव के मुद्दों पर अमेरिका और रूस में वार्ता, हथियार नियंत्रण व अन्य रणनीतिक मुद्दों पर आगे बढ़ी बातचीत

हथियार नियंत्रण व अन्य रणनीतिक मुद्दों पर आगे बढ़ी बातचीत। दोनों देशों के उप विदेश मंत्रियों ने परणाणु खतरों पर भी किया विचार। नेड प्राइस ने कहा कि हम हमेशा हथियारों के नियंत्रण और परमाणु खतरों को कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 01:50 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 01:50 PM (IST)
बढ़ते तनाव में टकराव के मुद्दों पर अमेरिका और रूस में वार्ता, हथियार नियंत्रण व अन्य रणनीतिक मुद्दों पर आगे बढ़ी बातचीत
हथियार नियंत्रण व अन्य रणनीतिक मुद्दों पर आगे बढ़ी बातचीत

वाशिंगटन, एएनआइ। अमेरिका की रूस से रैंसमवेयर व अन्य मुद्दों पर बेशक तनाव की स्थिति बढ़ रही है, लेकिन विभिन्न मुद्दों पर वार्ता का भी दौर जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन पर हमले के बीच दोनों देशों के उप-विदेश मंत्रियों के स्तर पर कई मुद्दों पर वार्ता हुई। यह वार्ता परमाणु हथियारों के नियंत्रण से लेकर रणनीतिक मुद्दों पर केंद्रित रही।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि हम हमेशा हथियारों के नियंत्रण और परमाणु खतरों को कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बेशक विभिन्न मुद्दों को लेकर तनाव क्यों न बढ़ा हुआ हो। हर मुद्दे का हल वार्ता है।

उन्होंने बताया कि जेनेवा में दोनों देशों के राष्ट्रपति के बीच मुलाकात हुई थी, इसी क्रम में उन्हीं मुद्दों पर अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शेर्मन और रूस के उप-विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने वार्ता की है।

उल्लेखनीय है कि यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब रूस आर्कटिक में सैन्य शक्ति बढ़ाकर नए हथियारों का परीक्षण कर रहा है। इसमें परमाणु रिएक्टर से संचालित मानवरहित स्टील्थ टारपीडो भी शामिल है। रैंसमवेयर हमले, यूक्रेन विवाद के कारण दोनों देशों में पहले से ही तनाव बढ़ रहा है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने 2022 में होने वाले प्रतिनिधि सभा और राज्य चुनावों को लेकर भ्रामक जानकारियां फैलाने का आरोप रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर लगाया है।

अमेरिका रूस का प्रतिद्वंद्वी, भागीदार नहीं

आइएएनएस के अनुसार रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने हाल ही में अमेरिकी नेताओं के बयान और चल रहे वार्ता के दौर में स्पष्ट किया है कि वर्तमान में रूस के अमेरिका के साथ साझेदारी में कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा है, न ही कोई विशेष संबंधों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हम अमेरिका को एक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखते हैं, पार्टनर के रूप में नहीं।

उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थितियों में भी राष्ट्रपति पुतिन सकारात्मक वार्ता में विश्वास रखते हैं। रूसी प्रवक्ता के बयानों में अमेरिकी नेताओं की तीखी बयानबाजी का प्रभाव स्पष्ट रूप दिखाई दिया।

chat bot
आपका साथी