अमेरिका में कोरोना वायरस की दूसरी लहर, तीन महीने बाद एक दिन में 84 हजार नए केस

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधनोम घेब्रेयेसस ने कहा है कि महामारी गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। कई देशों में हालात खतरनाक हो गए हैं और स्वास्थ्य सेवाओं के ध्वस्त होने की आशंका बढ़ गई है।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 09:50 AM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 02:20 PM (IST)
अमेरिका में कोरोना वायरस की दूसरी लहर, तीन महीने बाद एक दिन में 84 हजार नए केस
अमेरिका में दूसरी लहर में नई ऊंचाई पर कोरोना संक्रमण।

शिकागो, एजेंसियां। अमेरिका और यूरोप में दूसरी लहर में कोरोना कहर बरपाने लगा है। नए मामलों से लेकर मरने वालों की संख्या बढ़ने लगी है। अमेरिका में तीन महीने बाद पहली बार एक दिन में सबसे अधिक 84,218 नए केस मिले हैं। इससे पहले, 16 जुलाई को सबसे अधिक 77,299 नए मामले सामने आए थे। वहीं, शुक्रवार को 76,195 मामले दर्ज किए गए थे। मामलों में ये उछाल 3 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से दो हफ्ते पहले ओहियो, मिशिगन, उत्तरी कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया और विस्कॉन्सिन में देखने को मिले हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने वायरस के मामलों के बढ़ने का कारण तो नहीं बताया है, लेकिन उनका मानना है कि ठंड की वजह से लोगों का घरों में रहना, कोरोना सावधानियों में ढ़ील देना और स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों का लौटना वायरस के प्रसार को बढ़ावा देने का कारण हो सकता है। इससे पहले अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री एलेक्स अजार ने इसके लिए आम लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि लोग लापरवाह हो गए हैं और घरों में एक साथ एकत्र होने लगे हैं, जिससे नए केस बढ़ रहे हैं।

वहीं, यूरोप के भी कई देशों में संक्रमण को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। फ्रांस और इटली में कफ्र्यू का दायरा बढ़ा दिया गया है। फ्रांस में संक्रमितों का आंकड़ा 10 लाख को पार कर गया है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधनोम घेब्रेयेसस ने कहा है कि महामारी गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। कई देशों में हालात खतरनाक हो गए हैं और स्वास्थ्य सेवाओं के ध्वस्त होने की आशंका बढ़ गई है।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों इमैनुएल ने गत हफ्ते राजधानी पेरिस और लियोन समेत देश के आठ शहरों में चार हफ्ते के लिए क‌र्फ्यू का एलान किया था। प्रधानमंत्री ज्यां कास्टेक्स ने गुरुवार को देश के दूसरे इलाकों में भी कफ्र्यू लगाने का एलान किया। इससे 6.7 करोड़ की आबादी वाले फ्रांस में 4.6 करोड़ लोगों को रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक कफ्र्यू का पालन करना होगा।

कास्टेक्स ने कहा, 'फ्रांस समेत पूरा यूरोप दूसरे दौर की कोरोना महामारी की चपेट में है। हालात बेहद गंभीर हो गए हैं।' इस बीच फ्रांसीसी स्वास्थ्य अधिकारियों ने देश में बीते 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड 41 हजार 622 नए मामले पाए जाने की पुष्टि की। इधर, यूरोप में पहले दौर की कोरोना महामारी का केंद्र रहे इटली में संक्रमण फिर बढ़ रहा है। इस देश में बीते 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड 13 हजार 860 नए मामले पाए गए। यूरोप में ब्रिटेन और स्पेन में भी हालात बिगड़ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी