प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन का हुआ था गर्भपात, डचेस ऑफ ससेक्स ने दूसरा बच्चा खोने की पीड़ा को किया साझा

मेगन मर्केल ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। मेगन ने द लूजेज वी शेयर शीर्षक लिखे एक लेख में खुलासा किया है कि इसी जुलाई माह में अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र आर्ची को संभालने के दौरान गिर पड़ी थीं जिसमें उनके दूसरे बच्चे का गर्भपात हो गया था।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 08:10 PM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 08:10 PM (IST)
प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन का हुआ था गर्भपात, डचेस ऑफ ससेक्स ने दूसरा बच्चा खोने की पीड़ा को किया साझा
प्रिंस हैरी की पत्नी इसी जुलाई माह में अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र आर्ची को संभालने के दौरान गिर पड़ी थीं...

लंदन [द न्यूयॉर्क टाइम्स]। प्रिंस हैरी की पत्नी और डचेस ऑफ ससेक्स मेगन मर्केल इसी जुलाई माह में अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र आर्ची को संभालने के दौरान गिर पड़ी थीं जिसमें उनके दूसरे बच्चे का गर्भपात हो गया था। 39 वर्षीय पूर्व अमेरिकन एक्ट्रेस मेगन ने अपनी इस पीड़ा को 'द लूजेज, वी शेयर' शीर्षक से लेख लिखते हुए साझा किया है। जुलाई की सुबह थी और नाश्ता बनने के दौरान वह अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र आर्ची का डायपर बदल रही थीं, तभी पेट में ऐंठन हुई और वह आर्ची को बाहों में लिए हुए ही गिर पड़ीं।

मेगन लिखती हैं, 'गिरते ही असहनीय पीड़ा के दौरान मैं समझ गई कि मैंने अपना दूसरा बच्चा खो दिया। कुछ समय बाद मैं अस्पताल में थी और होश आया तो प्रिंस हैरी मेरा हाथ थामे हुए थे।' उन्होंने अपने लेख में लिखा है, 'एक बच्चा खोने का मतलब है असहनीय दुख, जिसे बहुत सी महिलाओं ने अनुभव किया है, लेकिन इस दर्द को बहुत कम ने साझा किया है। मैं जब अस्पताल में लेटी हुई थी, तब मेरे और पति प्रिंस हैरी के आंखों में आंसू थे। अस्पताल में सौ से अधिक महिलाएं थी,जिनमें 10 से लेकर 20 महिलाएं गर्भपात की पीड़ा लिए हुए थीं। '

ज्ञात हो कि प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने ब्रिटेन के अपने शाही खानदान के दायित्वों से मुक्त होने की घोषणा की थी और उत्तरी अमेरिका में बसने का फैसला किया था। कैलिफोर्निया के सांता बारबरा में उन्होंने हाल ही में अपना घर लिया है।

पूर्व में एक रिपोर्ट से नाराज मेगन ने ब्रिटिश अखबार द मेल के खिलाफ निजता के उल्लंघन का मुकदमा दायर कर दिया था। प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन ने निजता के हनन का आरोप लगाया था। इस मामले में ब्रिटिश अखबार द मेल की ओर से शाही परिवार से वे सबूत मांगे गए थे जिनसे पता चलता हो कि निजी जिंदगी को सार्वजनिक किया गया हो। मालूम हो कि यह मामला अगस्त 2018 का है जब मेगन ने अपने पिता थॉमस मर्केल को पत्र लिखा था। बाद में यह पत्र मीडिया में लीक भी हो गया था।  

chat bot
आपका साथी