Coronavirus World Update : अमेरिका में मरीजों की तादाद 50 लाख के पार, हर 66 में से एक व्यक्ति संक्रमित

अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्या पचास लाख के आंकड़े को पार कर गई है। अमेरिका में हर 66 लोगों में से एक व्यक्ति संक्रमित है। जानें दुनिया के बाकी मुल्‍कों का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 09 Aug 2020 09:48 PM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2020 03:15 AM (IST)
Coronavirus World Update : अमेरिका में मरीजों की तादाद 50 लाख के पार, हर 66 में से एक व्यक्ति संक्रमित
Coronavirus World Update : अमेरिका में मरीजों की तादाद 50 लाख के पार, हर 66 में से एक व्यक्ति संक्रमित

न्यूयॉर्क, एजेंसियां। अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्या पचास लाख के आंकड़े को पार कर गई है। इस समय देश में प्रत्येक 66 लोगों में से एक व्यक्ति संक्रमित है। संक्रमण का पहला मामला 22 जनवरी (198 दिन पहले) को सामने आया था। पिछले चौबीस घंटों के दौरान यहां 58,173 नए मामले आए और 1,243 लोगों की मौत हुई है। देश में मरने वालों की कुल तादाद 1,61,000 से ज्यादा हो गई है। अमेरिका में मरने वालों की कुल संख्या पूरे विश्व में हताहत होने वालों की कुल तादाद का लगभग एक चौथाई है।

ट्रंप ने आर्थिक पैकेज पर किए दस्‍तखत

ट्रंप ने महामारी से बुरी तरह प्रभावित देशवासियों की मदद के लिए तैयार किए आर्थिक पैकेज के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। चूंकि संसद में इस पैकेज पर सहमति नहीं बन पाई थी, इसलिए ट्रंप ने कार्यकारी आदेश के माध्यम से इसे अमलीजामा पहनाने की कोशिश की है।

ब्राजील में मृतकों की संख्या एक लाख हुई

ब्राजील में 905 लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की कुल तादाद 1,00,477 हो गई है। संक्रमण के 49,907 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह देश में संक्रमित मरीजों की तादाद 30,12,412 हो गई है। ब्राजील में पहले पचास हजार लोगों की मौत होने में तीन महीने लगे, लेकिन शेष पचास हजार लोगों की मौत केवल 50 दिनों में हो गई।

साओ पालो सबसे अधिक प्रभावित

ब्राजील का सबसे अधिक आबादी वाले शहर साओ पालो सबसे अधिक प्रभावित है। यहां पर 25,016 लोगों की मौत हुई है जबकि 6,21,731 लोग संक्रमित हैं। रियो डी जेनेरिया में 14,070 लोगों की जान गई है और संक्रमित मरीजों की संख्या 1,78,524 हो गई है। अमेरिका के बाद ब्राजील ही सबसे अधिक प्रभावित है। खास बात यह है कि महामारी से ब्राजील कराह रहा है, लेकिन देश में अभी भी कोई पूर्णकालिक स्वास्थ्य मंत्री नहीं है।

ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में 17 लोगों की मौत

ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 17 लोगों की मौत हुई। इस तरह प्रांत में मरने वालों की कुल तादाद 210 हो गई जबकि ऑस्ट्रेलिया में मरने वालों की कुल संख्या 295 है। संक्रमण के 394 नए मामले भी सामने आए हैं। विक्टोरिया के प्रीमियर डेनियल एंड्रयूज ने कहा कि संक्रमित मरीजों में एक हजार स्वास्थ्य कर्मी भी हैं। प्रांत के 270 नागरिकों को पिछले 24 घंटे के दौरान प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर दंडित किया गया है। 

chat bot
आपका साथी