अमेरिका में कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, टेक्सास बन रहे महामारी के नए केंद्र, दूसरे दिन 60 हजार से ज्‍यादा केस

अमेरिका में दूसरे दिन 60 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। कैलिफोर्निया फ्लोरिडा टेक्सास महामारी के नए केंद्र के तौर पर उभर रहे हैं। जानें दुनिया के बाकी मुल्‍कों का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 10 Jul 2020 08:55 PM (IST) Updated:Sat, 11 Jul 2020 04:38 AM (IST)
अमेरिका में कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, टेक्सास बन रहे महामारी के नए केंद्र, दूसरे दिन 60 हजार से ज्‍यादा केस
अमेरिका में कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, टेक्सास बन रहे महामारी के नए केंद्र, दूसरे दिन 60 हजार से ज्‍यादा केस

वाशिंगटन, एजेंसियां। कोरोना वायरस की मार से बेहाल अमेरिका में महामारी निरंतर बढ़ती ही जा रही है। लगातर दूसरे दिन 60 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या में गिरावट के बाद फिर उछाल देखी जा रही है। लगातार तीसरे दिन यह बढ़त देखने को मिली है। जबकि कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा और टेक्सास महामारी के नए केंद्र बनते जा रहे हैं। इन तीनों ही प्रांतों में हाल के दिनों में कोरोना के नए मरीजों में तेज गति से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

60 हजार 565 नए संक्रमित

समाचार एजेंसी रायटर के डाटा के अनुसार, अमेरिका में गुरुवार को 60 हजार 565 नए संक्रमित पाए गए। एक दिन में नए मामलों का यह नया रिकॉर्ड है। इस अवधि में लगातार तीसरे 800 से ज्यादा पीडि़तों की मौत हुई। बुधवार को भी 60 हजार 20 नए मामलों की पुष्टि की गई थी। अमेरिका में अब तक कुल 32 लाख 22 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 14 लाख 26 हजार उबर गए हैं। करीब 16 लाख 60 हजार सक्रिय मामले हैं। जबकि एक लाख 35 हजार से अधिक दम तोड़ चुके हैं।

नए केंद्र बन रहे कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, टेक्सास

कैलिफोर्निया, टेक्सास और फ्लोरिडा में नए मामलों का रोजाना नया रिकॉर्ड बन रहा है। इन तीनों ही प्रांतों में दस-दस हजार के करीब नए मामले पाए जा रहे हैं। अलबामा, मोंटाना और विस्कांसिन में भी संक्रमण में गुरुवार को रिकॉर्ड उछाल देखा गया। अमेरिका के 50 राज्यों में से 41 में तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। अमेरिका में महामारी का केंद्र रहे न्यूयॉर्क प्रांत में संक्रमण में लगातार गिरावट देखी जा रही है। अकेले इसी प्रांत में चार लाख 25 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं।

ब्रिटेन ने 70 देशों के लिए खत्म किया क्वारंटाइन

ब्रिटेन ने फ्रांस और इटली समेत करीब 70 देशों के लिए क्वारंटाइन नियमों को खत्म कर दिया है। ब्रिटेन आने वाले इन देशों के नागरिकों के लिए शुक्रवार से ये नियम खत्म कर दिए गए हैं। हालांकि कोरोना के उच्च खतरे वाले देशों से आने वाले लोगों के लिए 14 दिन का क्वारंटाइन बरकरार रहेगा। ब्रिटेन में कोरोना के दो लाख 87 हजार मामले पाए गए हैं, जबकि 44 हजार 602 की मौत हुई है।

ब्राजील के राष्ट्रपति अर्थव्यवस्था को खोलने पर अड़े

ब्राजील में कोरोना महामारी से बदहाल होते हालात के बावजूद राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के लिए अड़ गए हैं। उन्होंने इस बात को दोहराया है कि अर्थव्यवस्था को खोले जाने की जरूरत है। वह खुद भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अमेरिका के बाद ब्राजील में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं। इस लैटिन अमेरिकी देश में अब तक 17 लाख 62 हजार मरीज पाए गए हैं। करीब 70 हजार की जान गई है।

एक नजर इन देशों पर

ऑस्ट्रेलिया : कोरोना संक्रमण बढ़ने पर विदेश से आने वाले नागरिकों की संख्या सीमित करने की तैयारी के बीच विक्टोरिया में 288 नए मामले पाए गए।

बोलीविया : इस देश की राष्ट्रपति जीनिन अंज का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। उन्होंने कहा कि वह आइसोलेशन में रहते काम करती रहेंगी।

वेनेजुएला : सोशलिस्ट पार्टी के नेता डाओस्डाडो कैबेलो संक्रमित पाए गए। राष्ट्रपति निकोलस मदुरो ने कहा कि उन्हें कई दिनों के इलाज की जरूरत है।

रूस : कोरोना से मरने वालों की संख्या 11 हजार के पार पहुंच गई है। अब तक सात लाख 14 हजार लोग कोरोना से पीडि़त पाए जा चुके हैं।

हांगकांग : कोरोना संक्रमण में उछाल के बाद चीन नियंत्रित इस क्षेत्र में सभी स्कूलों को सोमवार से बंद करने का एलान किया गया है।

श्रीलंका : एक पुनर्वास केंद्र में एक दिन में 252 लोग संक्रमित पाए जाने से इस देश में महामारी बढ़ने को लेकर लोगों को आगाह किया गया है।

जापान : कोरोना संक्रमण के लिए नाइटक्लब नए केंद्र के तौर पर उभरे हैं। सरकार ने इनसे संक्रमण पर अंकुश लगाने के उपाय करने को कहा है।

chat bot
आपका साथी