अमेरिकी नागरिकता वाले नाबालिग बच्चों के साथ वतन लौटने के लिए भारतीयों ने चलाया अभियान

अमेरिका में फंसे 85 भारतीयों के एक समूह ने अमेरिकी नागरिकता वाले नाबालिग बच्चों के साथ वतन वापसी के लिए अभियान की शुरुआत की है।

By TaniskEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 04:33 PM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 04:33 PM (IST)
अमेरिकी नागरिकता वाले नाबालिग बच्चों के साथ वतन लौटने के लिए भारतीयों ने चलाया अभियान
अमेरिकी नागरिकता वाले नाबालिग बच्चों के साथ वतन लौटने के लिए भारतीयों ने चलाया अभियान

वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में फंसे 85 भारतीयों के एक समूह ने वतन वापसी के लिए अभियान की शुरुआत की है। इन लोगों ने भारत सरकार से अमेरिकी नागरिकता वाले नाबालिग बच्चों के साथ यात्रा करने की अनुमति देने का आग्रह किया है। दरअसल, कोरोना महामारी को देखते हुए ओसीआइ कार्डधारकों में से कुछ कैटगिरी को छोड़कर गैर भारतीय नागरिकों के भारत आने पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

ओसीआइ कार्ड भारतीय मूल के लोगों को जारी किया जाता है। इसके माध्यम से उन्हें अधिकांश मामलों में बिना वीजा के यात्रा की अनुमति मिल जाती है। ओसीआइ कार्डधारकों को भारतीय नागरिकों की तरह ही अधिकार होते हैं, लेकिन यह भारत में ना तो कृषि भूमि खरीद सकते हैं और ना ही मतदान या चुनाव में भाग ले सकते हैं।

भारत वापस आने की इच्छा व्यक्त की

समूह ने शनिवार को विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और अमेरिका में भारत के राजनयिक मिशनों को लिखे पत्र में भारत वापस आने की इच्छा व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों से अपने नाबालिग बच्चों को अमेरिकी नागरिकता के साथ यात्रा करने की अनुमति देने का आग्रह किया।

सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए

समूह में शामिल लोग सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए। इन सभी के बच्चे अमेरिका में पैदा हुए हैं, जिसके चलते वह अमेरिकी नागरिक हैं। हालांकि इनके पास ओसीआइ कार्ड नहीं है। इन नाबालिग बच्चों के माता-पिता ने लिखा कि हम भारत सरकार से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं, वह उन नाबालिगों को यात्रा की अनुमति दे, जिनके पास वैध भारतीय वीजा है।

नाबालिग बच्चों को अमेरिका में छोड़कर वापस नहीं आ सकते

इन लोगों ने पत्र में यह भी लिखा कि हमारी ही तरह अन्य भारतीय वंदे भारत मिशन की बदौलत वतन वापस लौट रहे हैं। हमारे पास भी भारत लौटने के वैध कारण मौजूद हैं, लेकिन हम नाबालिग बच्चों को अमेरिका में छोड़कर वापस नहीं आ सकते हैं। पत्र पर 85 लोगों के हस्ताक्षर हैं, लेकिन माना जा रहा है कि लगभग 250 लोग वतन वापस आना चाहते हैं।

chat bot
आपका साथी