अमेरिका में मानव तस्करी के आरोप में एक भारतीय को पांच साल की जेल

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार संधू ने 2013 से 2015 के बीच 400 लोगों को अवैध तरीके से अमेरिका में घुसने में मदद की थी।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Wed, 24 Apr 2019 03:38 PM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 03:38 PM (IST)
अमेरिका में मानव तस्करी के आरोप में एक भारतीय को पांच साल की जेल
अमेरिका में मानव तस्करी के आरोप में एक भारतीय को पांच साल की जेल

वाशिंगटन, प्रेट्र । अमेरिका में 61 वर्षीय भारतीय यदविंदर सिंह संधू को मानव तस्करी के मामले में पांच साल जेल की सजा सुनाई गई है। उस पर भारतीयों व अन्य विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से अमेरिका लाने का आरोप था। इस साल की शुरुआत में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया था।

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, संधू ने 2013 से 2015 के बीच 400 लोगों को अवैध तरीके से अमेरिका में घुसने में मदद की थी। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। मार्च, 2017 में संधू के खिलाफ दर्ज मुकदमे के अनुसार, उसने कई बार भूपेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, रॉबर्ट स्कॉट जैसे नामों से मानव तस्करी को अंजाम दिया था।

वह डोमिनिकन गणराज्य, हैती, प्यूर्टोरिको और भारत समेत दुनियाभर में कई जगहों पर सक्रिय मानव तस्कर गिरोह के प्रमुख लोगों में से एक था। उसका गिरोह विदेशियों को हवाई और जलमार्ग के जरिये पहले डोमिनिकन गणराज्य पहुंचाता था। वहां से फिर उन्हें न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया समेत अमेरिका के अन्य शहरों में भेजा जाता है। संधू ने कुछ विदेशियों के लिए फर्जी पहचान पत्र भी बनवाए थे।

उसने कई बार उन विदेशियों का उत्पीड़न कर उनके परिवार से पैसे भी ऐंठे। भारत से अमेरिका आने वाले कई लोगों ने संधू को 30 हजार डॉलर (करीब 20 लाख रुपये) से 85 हजार डॉलर (करीब 60 लाख रुपये) तक का भुगतान किया था।

chat bot
आपका साथी