यूएस के बाद भारत में हुए सबसे ज्यादा COVID-19 टेस्ट : व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस के मुताबिक अमेरिका में अब तक कुल चार करोड़ 20 लाख लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है। वहीं भारत में 1 करोड़ 20 लाख टेस्ट किए गए हैं।

By Neel RajputEdited By: Publish:Fri, 17 Jul 2020 08:39 AM (IST) Updated:Fri, 17 Jul 2020 08:39 AM (IST)
यूएस के बाद भारत में हुए सबसे ज्यादा COVID-19 टेस्ट : व्हाइट हाउस
यूएस के बाद भारत में हुए सबसे ज्यादा COVID-19 टेस्ट : व्हाइट हाउस

वॉशिंगटन, पीटीआइ। COVID-19 टेस्टिंग मामले में भारत दूसरा देश है, जहां सबसे ज्यादा टेस्ट किए गए हैं। व्हाइट हाउस के मुताबिक, अमेरिका में अब तक कुल चार करोड़ 20 लाख लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है। वहीं भारत में 1 करोड़ 20 लाख टेस्ट किए गए हैं। व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी कालीग मैकेनी (Kayleigh McEnany) ने संवाददाताओं से बताया "हमने कोरोना संक्रमण को लेकर 4 करोड़ 20 हजार लोगों की टेस्टिंग की है, जबकि भारत में 1 करोड़ 20 लाख लोगों की टेस्टिंग की गई है।"

उन्होंने गुरुवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान संवाददाताओं को कोरोना से जुड़े सवालों के जवाब में यह जानकारी दी है। उनका कहना है कि यूएस कोरोना टेस्टिंग मामले में सबसे आगे है। बता दें कि यूएस में 30 लाख 50 हजार से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है, जबकि 138,000 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। वहीं दुनियाभर में 1.36 करोड़ लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है जबकि 586,000 मौतें दर्ज की गई है।

कोरोना प्रभावित देशों में तीसरे स्थान पर भारत

जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, कोरोना प्रभावित देशों में भारत तीसरे स्थान पर है, जहां संक्रमितों का आंकड़ा 10 लाख को पार कर गया है। वहीं इसके बाद रूस है जिसमें संक्रमितों की संख्या 7,51,61 तक पहुंच गई है। कुछ समय पहले तक रूस तीसरे स्थान पर मौजूद था, लेकिन संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने के बाद भारत तीसरे स्थान पर आ गया और रूस चौथे स्थान पर है। वहीं पहले स्थान पर अमेरिका है, जबकि दूसरे स्थान पर ब्राजील है, जहां संक्रमितों का आंकड़ा 2,012,151 हो गया है और मरने वालों की संख्या 76,688 तक पहुंच गई है।

भारत में 24 घंटों में रिकॉर्ड 34 हजार से ज्यादा मामले दर्ज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 34,956 नए मामले सामने आए हैं, वहीं इस दौरान 687 लोगों की मौत हो गई है। देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 10 लाख 3 हजार 832 हो गई है, जिसमें से 3 लाख 42 हजार 473 एक्टिव मामले हैं, जबकि 6 लाख 35 हजार 757 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। देश में अब तक 25,602 लोगों की जान जा चुकी है।

chat bot
आपका साथी