अमेरिका: फ्लोरेंस तूफान का कहर जारी, अब तक 31 लोगों की मौत

तूफान फ्लोरेंस से हुए विभिन्न हादसों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।

By Arti YadavEdited By: Publish:Tue, 18 Sep 2018 02:39 PM (IST) Updated:Tue, 18 Sep 2018 02:43 PM (IST)
अमेरिका: फ्लोरेंस तूफान का कहर जारी, अब तक 31 लोगों की मौत
अमेरिका: फ्लोरेंस तूफान का कहर जारी, अब तक 31 लोगों की मौत

वॉशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका के उत्तर कैरोलिना में आए 'फ्लोरेंस' तूफान ने घातक रूप ले लिया है। तूफान फ्लोरेंस से हुए विभिन्न हादसों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि तूफान फ्लोरेंस अब चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है। तूफान के कारण उत्तरी कैरोलिना में 25, जबकि दक्षिणी कैरोलिना में छह लोगों की मौत हुई है। बारिश और तूफान के चलते भूस्खलन का खतरा अब भी बना हुआ है। नेवी, कोस्टगार्ड और वालंटियरों ने हेलिकॉप्टर, नाव और भारी वाहनों से पानी में फंसे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।

बारिश ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड

तेज तूफान, मूसलधार बारिश और उफनती नदियों ने हालात को मुश्किल बना दिया है। वहीं,145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। यहां बारिश ने 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तूफान के चलते कैरोलिना में अब तक की सबसे भयंकर बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हजारों लोगों को घर छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। कई क्षेत्रों में भारी बाढ़ आने का आशंका जताई जा रही है, जबकि न्यू बर्न शहर में सैकड़ों लोगों को मदद की जरूरत है।

राष्ट्रपति ट्रंप तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे

व्हाइट हाउस का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। ट्रंप ने ट्वीट करके बचावकर्मियों की तारीफ की है। नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचसी) के मुताबिक, तूफान की गति घटकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई है। हालांकि खतरा अभी बरकरार है। नागरिकों को सतर्क रहने और बाहर नहीं निकलने का निर्देश दिया गया है। उत्तर कैरोलिना, दक्षिण कैरोलिना और वर्जीनिया में करीब 17 लाख लोग तूफान और भयानक बाढ़ के खतरे की जद में हैं।

chat bot
आपका साथी