US vs Russia: जिनेवा वार्ता से नहीं सुलझे मतभेद, नवलनी मामले में रूस पर और प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका

रूस के विपक्षी नेता और पुतिन विरोधी नवलनी को जहर देने के मामले में अमेरिका रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलीवान ने कहा कि हम इस मामले में नए प्रतिबंधों की एक बार फिर तैयारी कर रहे हैं।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 06:09 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 06:13 PM (IST)
US vs Russia: जिनेवा वार्ता से नहीं सुलझे मतभेद, नवलनी मामले में रूस पर और प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका
जिनेवा वार्ता से नहीं सुलझे मतभेद, नवलनी मामले में रूस पर और प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका। फाइल फोटो।

वाशिंगटन, एजेंसियां। रूस के विपक्षी नेता और पुतिन विरोधी नवलनी को जहर देने के मामले में अमेरिका रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलीवान ने कहा कि हम इस मामले में नए प्रतिबंधों की एक बार फिर तैयारी कर रहे हैं। सीएनएन से साक्षात्कार में सुलीवान ने कहा कि हम जब ऐसा करेंगे तो रासायनिक हथियारों को ध्यान में रखते हुए इन प्रतिबंधों को लगाएंगे। सुलीवान का बयान जेनेवा में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की वार्ता के एक दिन बाद आया है। मार्च में बाइडन सरकार ने नवलनी को जहर देने के मामले में रूस पर कई प्रतिबंध लगाए थे।

तीन माह बाद रूस के राजदूत अमेरिका लौटे मास्को

रूस के अमेरिका में राजदूत अनातोली एंतोनोव तीन माह के बाद दूतावास में वापस लौट आए हैं। इसकी जानकारी अमेरिकी दूतावास ने ट्वीट करके दी है। यह कदम जेनेवा में बाइडन और पुतिन के बीच वार्ता के बाद उठाया गया है। इसी तरह अमेरिका के राजदूत जोन सुलीवान भी रूस स्थित अमेरिकी दूतावास पहुंच गए हैं। अनातोली को रूस ने उस समय वापस बुला लिया था, जब राष्‍ट्रपति बाइडन ने एक साक्षात्कार में पुतिन को हत्यारा बताया था।

नवलनी को लेकर यूएन ने की रूस की निंदा

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मानवाधिकार की प्रमुख मिशेल बाचेलेत ने नवलनी को जेल में डालने और उनको मूलभूत अधिकारों से वंचित करने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि रूस को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मानवाधिकारों को बनाए रखना चाहिए।

म्यांमार के सैन्य प्रमुख की रूस यात्रा

म्यांमार के सैन्य प्रमुख मिन आंग लाइंग सुरक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में भाग लेने के लिए रूस के लिए रवाना हो गए हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित कांफ्रेस में भाग लेने के साथ ही मिन वहां अधिकारियों से भी वार्ता करेंगे। इंडोनेशिया में आसियान की बैठक में भाग लेने के बाद मिन की यह दूसरी विदेश यात्रा है।

chat bot
आपका साथी