न्यूयॉर्क में फिर बढ़ने लगे कोविड-19 पीड़ित, नेपाल में पांच हजार सैनिक कोरोना की चपेट में

अमेरिका में कोरोना महामारी का केंद्र रहे न्यूयॉर्क में नए मामलों में फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। जून के बाद पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 1000 से अधिक नए कोरोना पीड़ित पाए गए। इस प्रांत में अब तक चार लाख 80000 से अधिक संक्रमित मिले हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 08:27 PM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 08:27 PM (IST)
न्यूयॉर्क में फिर बढ़ने लगे कोविड-19 पीड़ित, नेपाल में पांच हजार सैनिक कोरोना की चपेट में
न्यूयॉर्क प्रांत में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड एक हजार से अधिक नए कोरोना पीड़ित।

न्यूयॉर्क, एजेंसियां। अमेरिका में कोरोना महामारी का केंद्र रहे न्यूयॉर्क प्रांत में नए मामलों में फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। गत जून के बाद पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड एक हजार से अधिक नए कोरोना पीड़ित पाए गए। इस प्रांत में अब तक चार लाख 80 हजार से अधिक संक्रमित मिले हैं। इनमें से 33 हजार से ज्यादा की जान गई है। जबकि पूरे अमेरिका में कुल 72 लाख 80 हजार से अधिक मामले मिले हैं। करीब दो लाख नौ हजार की मौत हुई है।

न्यूयॉर्क में जून के बाद एक दिन में पाए गए रिकॉर्ड मामले 

न्यूयॉर्क में कारोबारों के खुलने और स्कूलों व कॉलेजों में छात्रों की वापसी के चलते नए मामलों में तेजी बताई जा रही है। गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने शनिवार को बताया कि प्रांत में बीते 24 घंटे के दौरान किए गए 99 हजार 953 कोरोना टेस्ट में से 1,005 पॉजिटिव पाए गए। न्यूयॉर्क में जुलाई के आखिर से लेकर सितंबर की शुरुआत तक रोजाना औसतन 660 संक्रमित पाए गए। जबकि पिछले हफ्ते हर रोज औसतन 817 पॉजिटिव मामले मिले।

अमेरिका में सबसे ज्यादा संक्रमित कैलिफोर्निया में हैं

अमेरिका में सबसे ज्यादा संक्रमित कैलिफोर्निया में हैं। इस प्रांत में आठ लाख से अधिक संक्रमित मिले हैं, जिनमें से 15 हजार से ज्यादा की जान गई है। इसके बाद टेक्सास में सात लाख 65 हजार और फ्लोरिडा में करीब सात लाख मामले पाए गए हैं। हालांकि न्यूयॉर्क के बाद महामारी का केंद्र बने इन तीनों प्रांतों में अब नए मामलों में गिरावट देखी जा रही है। इधर, कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी में पांच छात्र कोरोना से पीडि़त पाए गए। इसके चलते लांग बीच कैंपस के सभी छात्रों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

दुनिया में कोरोना महामारी से नौ लाख 90 हजार की मौत

दुनिया में कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या नौ लाख 90 हजार से अधिक हो गई है। जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, शनिवार को मृतकों का वैश्विक आंकड़ा नौ लाख 90 हजार 738 हो गया। जबकि संक्रमित लोगों की वैश्विक संख्या तीन करोड़ 26 लाख से ज्यादा हो गई है।

ऑस्ट्रेलिया : देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मेलबर्न में पाबंदियों में और ढील दी गई है। संक्रमण बढ़ने पर इस शहर में लॉकडाउन लगा दिया गया था।

नेपाल : कुक के पॉजिटिव पाए जाने पर सेना प्रमुख जनरल पूर्ण चंद्र थापा सेल्फ क्वारंटाइन में चले गए हैं। करीब पांच हजार सैनिक पीड़ित पाए गए हैं।

दक्षिण कोरिया : इस कोरियाई देश में लगातार दूसरे दिन 100 से कम केस मिले। 73 नए मामले मिलने से पीडि़तों की संख्या 23 हजार 611 हो गई है।

रूस : गत 20 जून के बाद शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 7,867 नए संक्रमित पाए गए। इससे पीडि़तों की संख्या 11 लाख 51 हजार हो गई।

अर्जेटीना : इस देश में गत मार्च से अब तक कुल सात लाख दो हजार संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से कुल 15 हजार 543 पीडि़त दम तोड़ चुके हैं।

chat bot
आपका साथी