Coronavirus World Update : कई देशों में कोरोना संक्रमण से राहत, पाबंदियों में दी जा रही ढील

दुनियाभर में कोरोना से अब राहत मिलने के संकेत आने लगे हैं। कई देशों में लगी सख्त पाबंदियों में ढील दी जा रही है। पड़ोसी देश बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी संक्रमण नियंत्रण में है। इराक तुर्की थाईलैंड में भी प्रतिबंध हटाए जा रहे हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 07:06 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 11:40 PM (IST)
Coronavirus World Update : कई देशों में कोरोना संक्रमण से राहत, पाबंदियों में दी जा रही ढील
दुनियाभर में कोरोना से अब राहत मिलने के संकेत आने लगे हैं।

वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनियाभर में कोरोना से अब राहत मिलने के संकेत आने लगे हैं। कई देशों में लगी सख्त पाबंदियों में ढील दी जा रही है। पड़ोसी देश बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी संक्रमण नियंत्रण में है। इराक, तुर्की, थाईलैंड में भी प्रतिबंध हटाए जा रहे हैं। अमेरिका के अठारह राज्यों और कई बड़े उद्योगों ने मास्क की अनिवार्यता हटाने का फैसला कर लिया है। पढ़ें यह रिपोर्ट...

बांग्‍लादेश में राहत के संकेत

बांग्लादेश में कोरोना से राहत के संकेत हैं। पिछले 24 घंटों में यहां 22 लोगों की मौत हुई। मार्च के बाद पहली बार यह गिरावट दर्ज की गई है। 24 घंटे में 261 यानी साल में सबसे कम मामले दर्ज हुए हैं। अभी यहां स्कूल 28 मई तक बंद रहेंगे।

पाक में कम हुए केस

पाकिस्तान में भी कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है। ईद पर भी मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। अब सरकार पाबंदी में ढील देने पर विचार कर रही है। रात आठ बजे तक बाजार खोलने की भी अनुमति दे दी गई है।

थाईलैंड में भी राहत

थाईलैंड में भी राहत दी गई है। बैंकाक में सोमवार से 25 फीसद क्षमता के साथ रात 9 बजे तक रेस्टोरेंट खोले जा रहे हैं।

इराक में लॉकडाउन टला

इराकी सरकार ने दस दिन लाकडाउन की योजना को स्थगित कर दिया है। इसके स्थान पर आंशिक क‌र्फ्यू लगाने का फैसला किया है।

तुर्की में पबंदियों के हटाए जाने का सिलसिला

तुर्की ने भी अपने यहां पाबंदियों को हटाना शुरू कर दिया है। सोमवार से दिन में आने-जाने में कोई रोक नहीं रहेगी। रात्रि का कफ्र्यू जारी रहेगा। यहां पर ढाई सप्ताह का लाकडाउन लगाया गया था।

ब्रिटेन में अब मंत्री लेंगे फैसला

ब्रिटेन में 14 जून से सभी पाबंदियों को हटाने का फैसला अब मंत्री लेंगे। स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकाक ने कहा कि महामारी नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी कहा है कि वैक्सीन भारतीय वेरिएंट पर कारगर है।

अमेरिका में मास्क की अनिवार्यता पर रोक हटेगी

अमेरिका के अठारह राज्यों और कई बड़े उद्योगों ने मास्क की अनिवार्यता हटाने का फैसला कर लिया है। इनमें से कई राज्यों ने निर्णय लागू भी कर दिया है। कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी जैसे राज्य अभी सावधानी के साथ आगे बढ़ेंगे। सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (सीडीसी) ने अमेरिकी स्कूलों में अभी 2020-21 के शैक्षिक सत्र में मास्क लगाने की जरूरत को बताया है। सीडीसी ने कहा है कि स्कूली छात्रों में अभी वैक्सीन का काम पूरा नहीं हुआ है। 

chat bot
आपका साथी