Coronavirus World Update : दुनिया में एक दिन में मिले 5.70 लाख नए केस, दस हजार संक्रमितों की गई जान

Coronavirus World Update विश्वभर में 24 घंटे में पांच लाख 70 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए। इस दौरान करीब दस हजार पीडि़तों की मौत हो गई। ब्राजील में 24 घंटे के दौरान करीब 37 हजार नए संक्रमित पाए गए।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 05:49 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 05:49 PM (IST)
Coronavirus World Update : दुनिया में एक दिन में मिले 5.70 लाख नए केस, दस हजार संक्रमितों की गई जान
दुनिया में कोरोना महामारी के थमने के संकेत मिलने लगे हैं।

वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना महामारी के थमने के संकेत मिलने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों से नए मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। विश्वभर में 24 घंटे में पांच लाख 70 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए। इस दौरान करीब दस हजार पीडि़तों की मौत हो गई। महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत और ब्राजील जैसे देशों में नए मामलों में कमी आने से वैश्विक स्तर पर संक्रमण में गिरावट देखी जा रही है।

वैश्विक आंकड़ा 16 करोड़ 27 लाख के पार

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, सोमवार सुबह कोरोना पीडि़तों का वैश्विक आंकड़ा 16 करोड़ 27 लाख 68 हजार 855 हो गया जबकि मरने वालों की कुल संख्या 33 लाख 74 हजार 593 हो गई।

एक नजर इन देशों पर

श्रीलंका : तीन दिन के लिए लगाया गया लाकडाउन सोमवार को खत्म कर दिया गया। देश में इस वक्त रोजाना दो हजार से ज्यादा नए केस मिल रहे हैं।

बांग्लादेश : कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लगाए गए लाकडाउन को 23 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। यहां 12 अप्रैल से लाकडाउन है।

अर्जेटीना : 16 हजार 350 नए संक्रमित मिलने से पीडि़तों की संख्या 33 लाख के पार पहुंच गई। यहां कुल 70 हजार से अधिक की जान गई है।

ब्राजील में बड़ी गिरावट

ब्राजील में दैनिक मामलों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। देशभर में 24 घंटे के दौरान करीब 37 हजार नए संक्रमित पाए गए। इससे पीडि़तों की कुल संख्या एक करोड़ 56 लाख 25 हजार से ज्यादा हो गई। इस दौरान करीब एक हजार पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों का कुल आंकड़ा बढ़कर चार लाख 35 हजार से अधिक हो गया।

chat bot
आपका साथी