Covid-19 Wolrd Updates: अमेरिका में कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा ढाई करोड़ के पार, ब्रिटेन में मिले 30 हजार नए संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार अमेरिका में रविवार को कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या दो करोड़ 50 लाख तीन हजार 695 हो गई। इनमें से सबसे ज्यादा मामले कैलिफोर्निया प्रांत में हैं। इस प्रांत में 31 लाख 47 हजार से अधिक संक्रमित मिले हैं।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 06:28 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 06:28 PM (IST)
Covid-19 Wolrd Updates: अमेरिका में कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा ढाई करोड़ के पार, ब्रिटेन में मिले 30 हजार नए संक्रमित
न्यूयॉर्क में कुल 13 लाख 23 हजार केस पाए गए।

न्यूयॉर्क, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में इस घातक वायरस का कहर थम नहीं रहा है। कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा ढाई करोड़ के पार पहुंच गया है। यहां अब तक चार लाख 17 हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। विश्व के किसी भी देश में इतनी बड़ी संख्या में न तो संक्रमित मिले हैं और न ही मौत हुई है।

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, अमेरिका में रविवार को कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या दो करोड़ 50 लाख तीन हजार 695 हो गई। इनमें से सबसे ज्यादा मामले कैलिफोर्निया प्रांत में हैं। इस प्रांत में 31 लाख 47 हजार से अधिक संक्रमित मिले हैं। इसके बाद टेक्सास में 22 लाख 43 हजार मामले पाए गए। जबकि फ्लोरिडा में 16 लाख 39 हजार और न्यूयॉर्क में 13 लाख 23 हजार केस पाए गए। अमेरिका में गत 20 जनवरी को सत्ता संभालने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने देशभर में 100 दिनों के लिए मास्क पहनना और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करना अनिवार्य कर दिया है। ट्रंप ने अपने कार्यकाल के दौरान यह कदम उठाने से इन्कार कर दिया था।

ब्रिटेन में मिले 30 हजार नए संक्रमित

ब्रिटेन में बीते 24 घंटों के दौरान 30 हजार नए संक्रमित पाए गए। इससे पीड़ितों का आंकड़ा 36 लाख 47 हजार से अधिक हो गया है। इस अवधि में 610 पीड़ितों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 97 हजार 939 हो गई है। इस यूरोपीय देश में गत माह कोरोना का नया वैरिएंट मिलने के बाद से महामारी बढ़ गई है।

विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु

ऑस्ट्रेलिया : चिकित्सा नियामक ने फाइजर वैक्सीन को मंजूरी दी है। यहां कोरोना से मुकाबले के लिए फरवरी में टीकाकरण अभियान शुरू होगा।

रूस : देशभर में 19 हजार 290 नए मामले मिलने से पीडि़तों की संख्या 37 लाख 78 हजार हो गई है। कुल 69 हजार से ज्यादा पीडि़तों की मौत हुई है।

फ्रांस : 18 हजार 438 नए पॉजिटिव केस पाए जाने से संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख 53 हजार हो गया है। कुल 73 हजार मरीजों की जान गई है।

chat bot
आपका साथी