शर्मनाक! महिला कर्मचारी से संबंध के कारण बिल गेट्स ने छोड़ी थी माइक्रोसाफ्ट, हाल में पत्नी को दिया है तलाक

दुनिया के चौथे सबसे अमीर शख्स बिल गेट्स ने कंपनी की एक महिला कर्मचारी से संबंधों की वजह से माइक्रोसाफ्ट से नाता तोड़ लिया था। उन्‍होंने इसी महीने की शुरुआत में अपनी पत्नी को तलाक देने की घोषणा की है।

By Kamal VermaEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 07:49 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 07:49 PM (IST)
शर्मनाक! महिला कर्मचारी से संबंध के कारण बिल गेट्स ने छोड़ी थी माइक्रोसाफ्ट, हाल में पत्नी को दिया है तलाक
बिल गेट्स ने कंपनी की कर्मचारी से संबंधों के चलते छोड़ी थी माइक्रोसाफ्ट

न्यूयार्क (एजेंसियां)। अमेरिका की दिग्गज साफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक और दुनिया के चौथे सबसे अमीर शख्स बिल गेट्स के बारे में एक सनसनीखेज जानकारी सामने आई है। बताया जाता है कि कंपनी की एक महिला कर्मचारी के साथ उनके सन् 2000 से संबंध थे। इस कारण 2020 में कंपनी बोर्ड के सदस्यों के दबाव में उन्होंने माइक्रोसाफ्ट से नाता तोड़ लिया था। उल्लेखनीय है बिल गेट्स ने इसी महीने की शुरुआत में अपनी पत्नी को तलाक देने की घोषणा की है।

द वाल स्ट्रीट जर्नल में सूत्रों के हवाले से रविवार को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार कंपनी की एक महिला इंजीनियर ने अपने शीर्ष अधिकारियों को पत्र लिखकर बिल गेट्स के साथ कई सालों से चल रहे यौन संबंधों की जानकारी दी थी। इस पर कंपनी के बोर्ड के सदस्यों ने 2019 में एक ला फर्म से इस मामले की गहराई से जांच कराई। जांच में दम पाए जाने पर बोर्ड ने तय किया कि इस स्थिति में बिल गेट्स का बोर्ड की बैठकों में भाग लेना उचित नहीं है।

इस पर बिल गेट्स ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया। हालांकि तब तक जांच पूरी नहीं हो पाई थी। इस मामले में गेट्स की ओर से एक महिला प्रवक्ता ने कहा कि यह संबंध 20 साल पहले बने थे। और आपसी सहमति के बाद खत्म भी गए। बिल गेट्स ने पिछले साल कंपनी छोड़ी थी तो उन्होंने लोकहितैषी कार्यो पर ध्यान देने की बात कही थी।

इस मामले में माइक्रोसाफ्ट ने एपी को ईमेल के जरिये बताया कि बिल गेट्स द्वारा सन् 2000 में कंपनी की एक महिला कर्मचारी से शारीरिक संबंध बनाने की जानकारी हम लोगों के संज्ञान में 2019 में आई। यह बहुत ही चिंताजनक स्थिति थी। बोर्ड की एक कमेटी ने इस मसले की समीक्षा की और एक ला फर्म के जरिये इस प्रकरण की पूरी जांच कराई। इस दौरान कंपनी ने उस महिला कर्मचारी का पूरा साथ दिया।

बिल गेट्स ने इसी महीने की शुरुआत में 27 साल के वैवाहिक जीवन के बाद अपनी पत्नी मेलिंडा को तलाक देने की घोषणा की है। हालांकि दोनों बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। यह दुनिया के बड़े चैरिटेबल फाउंडेशन में से एक है। बिल गेट्स कभी दुनिया के सबसे अमीर सख्स थे। उनकी संपत्ति 100 अरब डालर से भी अधिक है।

इस मामले में न्यूयार्क टाइम्स की रविवार को आई रिपोर्ट में कहा गया कि बिल गेट्स ने कार्यस्थल पर अपने आचरण से ऐसी स्थिति पैदा की कि उन पर सवाल उठें। रिपोर्ट में कहा गया है कि बिल गेट्स ने माइक्रोसाफ्ट और उनके फाउंडेशन में काम कर चुकी कई महिलाओं से संबंध बनाने की पेशकश की।

chat bot
आपका साथी