अगले सप्ताह सऊदी अरब जाएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के जलवायु दूूत केरी
Kerry to visit Saudi Arabia जलवायु संकट से निपटने के लिए किए गए प्रयासों को लेकर सरकारी समकक्षों और प्राइवेट सेक्टर के नेताओं के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के जलवायु दूत जान केरी रियाध में बैठ क करेंगे।
वाशिंगटन, रायटर्स। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन (U.S. President Joe Biden) के जलवायु दूत जान केरी (John Kerry) अगले सप्ताह सऊदी अरब (Saudi Arabia) जाएंगे। वहां वे जलवायु संकट से निपटने के लिए किए गए प्रयासों को लेकर सरकारी समकक्षों और प्राइवेट सेक्टर के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। यह जानकारी गुरुवार को अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट ने दी। 24 व 25 अक्टूबर को केरी रियाध (Riyadh) जाएंगे। बता दें कि 31 अक्टूबर को ग्लासगो (Glasgow) में यूएन जलवायु परिवर्तन कंवेंशन का आयोजन होना है।
हाल में ही केरी ने अगले महीने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में जलवायु कंवेंशन से पहले अमेरिका, यूरोपीय संघ, जापान और अन्य सहयोगियों के प्रयासों की सराहना भी की जो दुनिया को बड़े एवं त्वरित जीवाश्म ईंधन कटौती की तरफ काफी करीब तक ले गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले कुछ वर्षों में इस दिशा में काफी देश शामिल हो जाएंगे। उन्होंने कहा, 'जब तक ग्लासगो वार्ता खत्म होगी, हमें पता चल जाएगा कि कौन अपना योगदान ठीक ढंग से दे रहा है और कौन नहीं।'
केरी ने अमेरिकी कांग्रेस द्वारा जलवायु पर स्वयं अमेरिका की तरफ से महत्त्वपूर्ण कार्रवाई के लिए विधेयक पारित करने में विफल रहने के प्रभाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, 'यह पेरिस जलवायु समझौते से राष्ट्रपति ट्रंप के पीछे हटने जैसा ही हो जाएगा।' जलवायु कार्रवाई पर बाइडन प्रशासन फिर से नेतृत्व पाने का लक्ष्य रख रहा है।
केरी की टिप्पणी ‘विमान, फोन और कंप्यूटर स्क्रीन’ के माध्यम से नौ महीने की गहन जलवायु कूटनीति के बाद आई है, जिसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन से पहले जलवायु पर कार्रवाई की अधिकांश वैश्विक प्रतिबद्धताओं को हासिल करना है।